नई दिल्ली: केंद्र की मोदी सरकार देश का आम बजट 2026 पेश करने जा रही है। संसद के बजट सत्र की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने जानकारी देते हुए बताया कि बजट सत्र 2026 की शुरुआत बुधवार, 28 जनवरी से होगी, जो 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा। उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की।
किरण रिजिजू के अनुसार, बजट सत्र को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। भारत सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों को बजट सत्र के लिए बुलाने की मंजूरी दे दी है।
29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण, 28 को राष्ट्रपति का अभिभाषण
बजट सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी। इसके अगले दिन यानी 29 जनवरी 2026 (गुरुवार) को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। जानकारी के मुताबिक शनिवार को संसद की कार्यवाही नहीं होगी।
रविवार 1 फरवरी को पेश होगा आम बजट 2026
इस बार देश का आम बजट 2026 रविवार, 1 फरवरी को पेश किया जाएगा। राष्ट्रपति के अभिभाषण और बजट पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के बाद 13 फरवरी को संसद की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी। इसके बाद 9 मार्च से सत्र दोबारा शुरू होगा और 2 अप्रैल तक चलेगा।
बता दें कि बजट सत्र आमतौर पर दो हिस्सों में होता है, जिनके बीच ब्रेक दिया जाता है ताकि स्टैंडिंग कमेटियां विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों की समीक्षा कर सकें। बजट सत्र 2026 के दौरान भी कई अहम विधेयकों के पेश होने और उन पर चर्चा की संभावना है।
फरवरी में होगा AI इम्पैक्ट समिट
सूत्रों के मुताबिक, भारत फरवरी 2026 में राष्ट्रीय राजधानी में AI इम्पैक्ट समिट की मेजबानी करेगा, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। बीजेपी सांसद और संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी पर संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष निशिकांत दुबे ने बताया कि AI से जुड़े नियमों को लेकर समिति अपनी रिपोर्ट बजट सत्र में संसद में पेश करेगी। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।
निर्मला सीतारमण पेश करेंगी नौवां आम बजट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस बार अपने कार्यकाल का नौवां आम बजट पेश करेंगी। हालांकि रविवार को आमतौर पर संसद की कार्यवाही नहीं होती, लेकिन इस बार 1 फरवरी को रविवार होने के बावजूद बजट पेश किया जाएगा। वहीं, 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे और उसके बाद शनिवार होने के कारण केंद्र सरकार ने 2 अप्रैल को ही बजट सत्र समाप्त करने का निर्णय लिया है।











Total Users : 291348
Total views : 493645