September 24, 2026 10:50 am

September 24, 2026 10:50 am

यमुनानगर : सरपंच की पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, बेटे ने साथी के साथ मिलकर की थी मां की हत्या

यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव श्यामपुर में सरपंच की पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मृतका की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने ही बेटे ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। अपराध शाखा–2 की टीम ने इस जघन्य हत्याकांड में मृतका के बेटे गोमित राठी और उसके साथी पंकज को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
विशेष टीम ने सुलझाई हत्याकांड की गुत्थी
उप पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार इस मामले की जांच के लिए अपराध शाखा–2 की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने गहन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।

संदिग्ध मौत के बाद गठित हुई थी एसआईटी
डीएसपी आशीष चौधरी ने बताया कि 24 दिसंबर 2025 को थाना सढौरा क्षेत्र के गांव श्यामपुर से सूचना मिली थी कि गांव के सरपंच की पत्नी बलजिंदर कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मामला प्रथम दृष्टया संदेहास्पद लगने पर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
जांच में सामने आया कि मृतका और उसके बेटे गोमित राठी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इन विवादों के चलते करीब दो वर्ष पहले गोमित राठी को इंग्लैंड भेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद पारिवारिक कलह खत्म नहीं हुई। आरोपी गांव की एक युवती से शादी करना चाहता था और इसके लिए घरवालों से पैसों की मांग कर रहा था, जिसे परिवार पूरा नहीं कर रहा था।

बिना बताए इंग्लैंड से लौटा था आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गोमित राठी 18 दिसंबर 2025 को बिना किसी को बताए इंग्लैंड से भारत लौट आया था। उसकी वापसी की जानकारी केवल उसके दोस्त पंकज पुत्र कुलदीप सिंह निवासी श्यामपुर को थी, जिसने पूरी वारदात में उसका सहयोग किया।
गला दबाकर की हत्या, हादसे का रूप देने की कोशिश
24 दिसंबर 2025 की रात गोमित राठी चुपचाप गांव पहुंचा और पशु घर में छिप गया। देर रात उसने अपनी मां बलजिंदर कौर पर हमला किया। पहले चोट पहुंचाई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पानी की होदी में फेंक दिया गया, ताकि मामले को हादसा या संदिग्ध मौत का रूप दिया जा सके। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।

चार दिन की पुलिस रिमांड
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। डीएसपी ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी और मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 8 9 5 6
Total Users : 418956
Total views : 670817

शहर चुनें