September 19, 2026 10:55 pm

September 19, 2026 10:55 pm

PUNJAB: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बठिंडा को दी 90 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचे की सौगात

मुल्तानिया रेलवे ओवरब्रिज जनता को समर्पित, जनता नगर ROB को मिली मंजूरी

बठिंडा, 10 जनवरी 2026 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बठिंडा के निवासियों को लगभग 90 करोड़ रुपये की अहम बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने पुनर्निर्मित मुल्तानिया रेलवे ओवरब्रिज (आर.ओ.बी.) को जनता को समर्पित किया, वहीं जनता नगर में एक नए रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की। इन दोनों परियोजनाओं से शहर की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।
मुल्तानिया आर.ओ.बी. को जनता को समर्पित करने के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि बठिंडा एक प्रमुख रेलवे जंक्शन है, जहां से अंबाला, दिल्ली, सिरसा और बीकानेर की ओर जाने वाली कई रेलवे लाइनें गुजरती हैं। इन लाइनों के कारण शहर अलग-अलग हिस्सों में बंट गया था, जिन्हें जोड़ने में मुल्तानिया पुल की अहम भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पुल लगभग 35 वर्ष पुराना था और बढ़ते यातायात के अनुरूप नहीं था। इसकी चौड़ाई मात्र 23 फुट होने के कारण स्कूल वैनों, व्यापारियों, एंबुलेंसों और भारी वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में पुल की जर्जर हालत के चलते इसमें गड्ढे पड़ जाते थे और कई बार इसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ता था।
इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने पुराने पुल की पहुंचों को हटाकर मौजूदा पिलरों पर नया पुल बनाने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि 38.08 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया नया मुल्तानिया आर.ओ.बी. एक किलोमीटर से अधिक लंबा है और इसकी चौड़ाई 23 फुट से बढ़ाकर 34.5 फुट कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुल के नीचे की जगह को खेल मैदान के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां वॉकिंग ट्रैक, बॉक्स क्रिकेट, स्केटिंग एरिया, बास्केटबॉल कोर्ट और जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना का निर्माण कार्य 11 सितंबर 2023 को शुरू हुआ था, जिसे समय पर पूरा कर आज यातायात के लिए खोल दिया गया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जनता नगर क्षेत्र की एक अन्य महत्वपूर्ण समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि बठिंडा–फिरोज़पुर रेलवे लाइन पर मौजूद अंडरब्रिज काफी संकरा है और बठिंडा–गोनियाना रोड तथा बादल घुद्दा रोड को जोड़ने में बाधा बन रहा है। इस अंडरब्रिज से गुजरना जोखिम भरा है और बरसात के मौसम में पानी भरने से हालात और बिगड़ जाते हैं।
स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने जनता नगर में 50.86 करोड़ रुपये की लागत से नए रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी दी। प्रस्तावित पुल की लंबाई 650 मीटर और चौड़ाई 31 फुट होगी, जबकि सर्विस रोड को 18 फुट से बढ़ाकर 33 फुट किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये दोनों परियोजनाएं न केवल यातायात को सुगम बनाएंगी, बल्कि लोगों का कीमती समय भी बचाएंगी और रोज़मर्रा की परेशानियों को दूर करेंगी। उन्होंने दोहराया कि उनकी सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी फैसले जनता तथा संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श के बाद ही लिए जा रहे हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 3 8 3
Total Users : 416383
Total views : 667451

शहर चुनें