उपायुक्त ने अवैध खनन की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक की अध्यक्षता की
अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: सात माह में 200 वाहन जब्त, 1.12 करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना वसूला
बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 3 नवंबर: उपायुक्त सतपाल शर्मा ने जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए खनन विभाग, पुलिस और एनफोर्समेंट ब्यूरो को आपसी समन्वय के साथ एक टीम के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, ग्राम पंचायतों की तर्ज पर अब नगर निगम पंचकूला और नगर परिषद कालका के क्षेत्रों में भी अवैध खनन की गतिविधियों पर नजर रखने और उनकी सूचना देने के लिए जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
उपायुक्त लघु सचिवालय के सभागार में अवैध खनन की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की।
उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन द्वारा जिले के सभी ग्राम सरपंचों को निर्देश दिए गए हैं कि गांवों में अवैध खनन की किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। इस पहल के सकारात्मक परिणामों को देखते हुए अब नगर निगम पंचकूला और नगर परिषद कालका को भी अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में अवैध खनन की गतिविधियों की निगरानी और सूचना देने के लिए जिम्मेदारी निर्धारित करने के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ एफ आईआर दर्ज करने के साथ-साथ इस कार्य में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों को भी जब्त किया जाए।
उपायुक्त ने खनन विभाग को पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संभावित अवैध खनन स्थलों पर नाकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन नाकों पर रोटेशन के आधार पर 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा उनकी नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से कालका उपमंडल के गांव पपलोहा और चरनियां में रात्रि के समय पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला खनन अधिकारी श्री अनिल कुमार ने जानकारी दी कि वर्तमान में जिले में करणपुर, कोट, श्यामटू-1, श्यामटू-2, नग्गल, मंडलाय-1 और बड़ौना खुर्द में कुल सात खनन ब्लॉक आवंटित हैं। इस पर उपायुक्त ने खनन विभाग को निर्देश दिए कि सभी आवंटित खनन ब्लॉकों में सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
200 वाहन जब्त, 1.12 करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना वसूला
जिला खनन अधिकारी ने बताया कि अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 तक अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त 200 वाहनों को जब्त किया गया है तथा 1 करोड़ 12 लाख 38 हजार 248 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके अतिरिक्त 24 एफआईआर एट साइट तथा अवैध परिवहन के विरुद्ध 115 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
उन्होंने बताया कि इसी अवधि के दौरान अंतरराज्यीय ट्रांजिट पास के बिना चलने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के तहत 161 वाहन जब्त किए गए तथा 37 लाख 54 हजार 320 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
बैठक में एसडीएम पंचकूला मन्नत राणा, एसडीएम कालका संयम गर्ग, सचिव आरटीए हैरतजीत कौर, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के कार्यकारी अभियंता दीपक मेहरा, एसएचओ कालका अजीत सिंह, टैक्सेशन इंस्पेक्टर जयदेव, लेबर इंस्पेक्टर सुभाष वर्मा सहित लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।













Total Users : 454238
Total views : 719065