November 15, 2026 3:17 am

November 15, 2026 3:17 am

अंबाला में आजादी की पहली लड़ाई के शहीदों को राष्ट्र का नमन, अमित शाह और सीएम नायब सैनी ने किया शहीद स्मारक का उद्घाटन

मुख्यमंत्री बोले- आजादी की पहली लड़ाई वास्तव में अंबाला की धरती से शुरू हुई, स्मारक आने वाली पीढ़ियों को वीरों के बलिदान और साहस की याद दिलाएगा

हरियाणा को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य, अमित शाह के हाथों जारी हुआ हरियाणा विजन-2047

बाबूगिरी न्यूज़
अंबाला, 5 नवंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को अंबाला में आजादी की पहली लड़ाई के शहीदों की स्मृति में निर्मित शहीद स्मारक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंबाला की ऐतिहासिक धरती से जुड़े स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, शहीदों के बलिदान और प्रदेश की विकास यात्रा को लेकर विस्तार से अपने विचार रखे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हरियाणा की जनता की ओर से स्वागत और अभिनंदन करते हुए कहा कि आज अंबाला की धरती पर इतिहास, शौर्य और राष्ट्रीय गौरव का एक नया अध्याय लिखा गया है। आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक का उद्घाटन करके पूरे राष्ट्र की ओर से उन महान बलिदानियों को नमन किया गया है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की पहली लड़ाई वास्तव में अंबाला की धरती पर शुरू हुई थी। इस संघर्ष ने देश में राष्ट्रवाद और देशभक्ति की ऐसी भावना जगाई, जिसने आगे चलकर पूरे स्वतंत्रता आंदोलन की नींव तैयार की। यह स्मारक केवल एक भवन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों के साहस, त्याग और संकल्प का जीवंत प्रतीक है। यहां आने वाला प्रत्येक युवा उन महान वीरों के संघर्ष और बलिदान को महसूस कर सकेगा तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों की प्रेरणा प्राप्त करेगा।

 

अमित शाह का जीवन राष्ट्रसेवा की प्रेरक मिसाल

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के व्यक्तित्व और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रसेवा, अद्भुत कार्यक्षमता और दृढ़ संकल्प की प्रेरक मिसाल है। लक्ष्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता, निर्णय लेने का साहस और परिणाम प्राप्त होने तक निरंतर प्रयास करना उनकी पहचान है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के व्यक्तित्व में देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जैसा दृढ़ संकल्प दिखाई देता है। सहकारिता मंत्रालय के माध्यम से उन्होंने ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को नई दिशा दी है। अमित शाह का हरियाणा की धरती से विशेष आत्मीय संबंध है और प्रदेश के विकास के प्रति उनका मार्गदर्शन हमेशा महत्वपूर्ण रहा है।

 

सुशासन, पारदर्शिता और गरीब कल्याण को दी नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में डबल इंजन की सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और गरीब कल्याण के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। पिछले 12 वर्षों में सुशासन, पारदर्शिता और अंत्योदय की भावना ने प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा देश में तीन नए आपराधिक कानूनों को सबसे पहले लागू करने वाला राज्य बना। प्रदेश सरकार ने सैनिकों और अग्निवीरों के सम्मान तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। हरियाणा शहीद सैनिकों और अग्निवीरों को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने वाला पहला राज्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। हरियाणा में स्वतंत्रता सेनानियों को देश में सर्वाधिक 40 हजार रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है। यह सरकार की ओर से उनके त्याग और योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

 

योग्यता के आधार पर दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए पर्ची और खर्ची की व्यवस्था को समाप्त किया है। अब युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर अवसर मिल रहे हैं। इसी व्यवस्था के तहत दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के समान अवसर उपलब्ध करवाना है, ताकि प्रतिभाशाली युवा अपनी क्षमता के आधार पर आगे बढ़ सकें।

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से लिंगानुपात में सुधार
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण और सामाजिक बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को हरियाणा में प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में लिंगानुपात में सुधार हुआ है और यह आंकड़ा 900 के पार पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है। समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

हरियाणा को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्षय
समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कर-कमलों से हरियाणा विजन-2047 का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के भविष्य के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने वर्ष 2047 तक प्रदेश को विकसित और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया है। हमारा लक्ष्य हरियाणा को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। इसके लिए उद्योग, कृषि, निवेश, रोजगार, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अपनी विकास यात्रा में नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़े और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बार फिर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हरियाणा की वीरभूमि पर हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक का उद्घाटन प्रदेश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 2 2 6
Total Users : 454226
Total views : 719045

शहर चुनें