November 15, 2026 2:57 am

November 15, 2026 2:57 am

बाबूगिरी हिंदी डॉट कॉम पर चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला, हरियाणा और पंजाब की ताज़ा खबरें पढ़ें। हरियाणा में अमित शाह का दौरा

केंद्रीय गृह मंत्री ने अंबाला में किया आजादी की पहली लड़ाई  के   शहीद स्मारक का उद्घाटन
 
1260 करोड़ रुपये की लागत के नेशनल हाईवे-152G जलबेहड़ा—शाहबाद खंड का किया लोकार्पण
 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की सराहना, कहा— नायब सिंह सैनी भले ही धीरे-धीरे बोलते हों, लेकिन काम करने में बहुत तेज हैं
 
2029 में भाजपा जनता के बीच वोट मांगने जाएगी, तो पार्टी अपने घोषणा पत्र में किए गए सभी वादों और गारंटियों को पूरा करके जाएगी
 
1857 विद्रोह नहीं, स्वतंत्रता का महासंग्राम था, 90 वर्षों के बलिदान से मिली आजादी, अब विकसित भारत का संकल्प — अमित शाह
 
अंबाला में बना स्मारक युवा पीढ़ी के लिए देश भक्ति पैदा करने वाला एक अद्भुत स्थान बनेगा
 

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 5 नवंबर – केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भले ही धीरे-धीरे बोलते हों, लेकिन काम करने में बहुत तेज हैं। उन्होंने कहा कि श्री नायब सिंह सैनी तेजी से काम करने वाले मुख्यमंत्री हैं। अमित शाह ने हरियाणवासियों को कहा कि हरियाणा में जब वर्ष 2029 में भाजपा जनता के बीच वोट मांगने जाएगी, तब पार्टी अपने घोषणा पत्र में किए गए सभी वादों और गारंटियों को पूरा करके जाएगी।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीरवार को अंबाला में आयोजित आजादी की पहली लड़ाई (1857) के शहीद स्मारक के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जहां 10 मई, 1857 को क्रांतिवीरों ने अंग्रेजों के शासन के विरुद्ध क्रांति का बिगुल फुंका था और उनकी एक शुरुआत पूरे देशभर में देखते ही देखते आग बनकर फैल गई थी। पूरी दुनिया देखकर आश्चर्यचकित रह गई थी कि जिस अंग्रेजी सरकार का सूर्य कहीं डूबता नहीं था, उसकी नींव हिलाकर रखने वाला वो 1857 का स्वतंत्रता संग्राम, जिस अंबाला की भूमि पर शुरू हुआ, उसे मैं बार-बार प्रणाम करता हूं।

इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री  मनोहर लाल, कैबिनेट मंत्री अनिल विज, बीजेपी केंद्रीय प्रभारी  स्मृति ईरानी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता भी उपस्थित रहे।

अमित शाह ने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम को अंग्रेजियत से प्रेरित, वामपंथी विचारधारा वाले इतिहासकारों ने एक विद्रोह का नाम दिया। विद्रोह शब्द है अंग्रेजों के लिए। वीर सावरकर ने सच कहा था कि क्रांति हम सब भारत माता की संतानों के लिए विद्रोह नहीं बल्कि स्वतंत्रता संग्राम है। उन्होंने कहा कि सन 1857 से लेकर 1947 तक का 90 साल का यह महान संघर्ष,जिसमें अनेक शहीदों ने सर्वस्व बलिदान दिया, तब जाकर हमें आजादी मिली। उन शहीदों के बलिदान के आधार पर ही हम आज प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की कल्पना कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आज बाबू कुंवर सिंह को भी याद करने का अवसर है, जिस वीर योद्धा ने 87 साल की उम्र में  अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी, उनकी बाईं बाजू पर गोली लगी और उसने अपनी दाईं बाजू से बाईं बाजू काट दी। अगर तुझ में खून ही नहीं है तो तुम भारत माता की क्या सेवा करोगे और उस बूढ़े वीर ने लड़ते-लड़ते अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने कहा कि जो देश अपनी स्वतंत्रता की कीमत नहीं समझता है, जिन शहीदों ने खून बहाया और उनका महिमामंडन नहीं करता है इतिहास के पन्नों को वो लाल खून से बदलकर स्वर्णिम अक्षर में अंकित नहीं करता है, तो वो देश कभी प्रगति नहीं कर सकता है। आज अंबाला में बना यह स्मारक देशभर की युवा पीढ़ी के लिए आने वाले दिनों में देश भक्ति पैदा करने वाला एक अद्भुत स्थान बनेगा।

उन्होंने इस स्मारक के निर्माण के लिए हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, वर्तमान मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री  अनिल विज के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन सभी के विशेष प्रयासों से यह विराट शहीद स्मारक आज बनकर तैयार हुआ है।

अमित शाह ने कहा कि यह वही भूमि है जहां कभी सरस्वती नदी बहा करती थी, जहां वेदों की रचना हुई, इसी वीर भूमि पर श्री कृष्णा ने गीता का संदेश दिया, इसी वीर भूमि पर महाराजा अग्रसेन ने एडमिनिस्ट्रेशन का भारतीय मॉडल दिया। इसी वीर भूमि पर राजा नाहर सिंह, राव तुलाराम ने आजादी की लड़ाई लड़ी और वह परंपरा शुरू हुई और आज सबसे ज्यादा अगर जवान किसी एक प्रदेश के होते हैं तो मेरे हरियाणा के होते हैं।

उन्होंने कहा कि जब खेलों में भारत की मेडल तालिका की बात आती है तो उस तालिका में नंबर वन पर हरियाणा रहता है। जब देश को जरूरत थी अन्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की, तो हरियाणा के किसानों ने देश के अनाज के भंडार भर दिए। श्वेत क्रांति में भी हरियाणा का बहुत बड़ा योगदान है।

अमित शाह ने कहा कि हरियाणा की इसी भूमि पर आज 22 एकड़ भूमि पर 23 गैलरियों के साथ सन् 1857 की क्रांति का अद्भुत स्मारक बना है। स्मारक में आधुनिक तकनीक के माध्यम से, होलोग्राफी और इंटरएक्टिव प्रोटेक्शन के साथ दस्तावेज और हरियाणा की सभी प्रकार की कलाओं को संजोने का एक अद्भुत प्रयास हुआ है। फुलकारी और सरकंडा की शिल्पकला और 2500 की सीटिंग कैपेसिटी वाला ओपन एयर थिएटर, लाइट एंड साउंड शो से हमें वापस 1857 में ले जाने की व्यवस्था के साथ यह स्मारक 1857 की क्रांति, बलिदान और सम्मान को जागृत करने वाला एक ऊर्जावान स्थान बना है।

उन्होंने देशभर के युवाओं से आग्रह किया कि आज जिस जगह पर हम हैं, वो किन के कारणों से संभव हुआ, उसे समझना है तो अंबाला की इस एतिहासिक भूमि पर बने इस स्मारक को जरूर देखें और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें।

केंद्रीय गृह मंत्री ने इस मौके पर 1260 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नेशनल हाइवे 152—जी जलबेड़—शाहबाद खंड का भी लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा को 60 साल हुए हैं और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का यह भाग्य है कि 60 सालों में 12 साल तक हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और कमल के फूल पर भरोसा किया है।  मनोहर लाल और  नायब सिंह सैनी, दोनों ने 12 सालों में हरियाणा के लिए आमूलचूल परिवर्तन किए हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा लोकहित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सबसे पहले धुंआ मुक्त प्रदेश हरियाणा बना, हर घर में गैस का सिलेंडर पहुंचा, एमएसपी पर सभी फसलों की खरीद, न्यायिक संहिता को लागू करने वाला पहला राज्य, देश की सबसे पहली हाइड्रोजन ट्रेन चलाने वाला, एलिवेटेड रेलवे ट्रैक की शुरुआत करने वाला पहला राज्य हरियाणा बना।

उन्होंने कहा कि हरियाणा ने ऑनलाइन ट्रांसफर नीति बनाकर, तबादला उद्योग को हरियाणा से अगर किसी ने निकाला तो भारतीय जनता पार्टी ने निकाला। पंचायतों में मातृ शक्ति को 50 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व देने की शुरुआत भी हरियाणा में हुई। एकमात्र राज्य हरियाणा है जहां गांव में आज लाल डोरा नहीं है। परिवार पहचान पत्र बनाने वाला राज्य हरियाणा बना।

अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वे पंजाब में नशा मुक्त पंजाब अभियान के तहत पंजाब जाते हैं तो वहां के किसान एमएसपी की गारंटी की बात करते हैं। राहुल जी ने उनको झुनझुना पकड़ा दिया। उन्होंने कहा कि एक बार पंजाब में भाजपा—एनडीए सरकार बना दो तो किसानों को एमएसपी गारंटी के बोर्ड पकड़ने की जरूरत नहीं रहेगी। नशा मुक्ति के लिए हरियाणा ने कमर कस ली है।

इस मौके पर विधानसभा स्पीकर  हरविंद्र कल्याण, कैबिनेट मंत्री  कृष्ण लाल पंवार,  महिपाल ढांडा,  विपुल गोयल, डॉ अरविंद शर्मा,  श्याम सिंह राणा,  रणबीर गंगवा,  कृष्ण बेदी, श्रुति चौधरी,  आरती राव, राज्य मंत्री  गौरव गौतम, डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिड्ढा सहित सांसद, विधायकगण व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

 

 

अंबाला का ऐतिहासिक शहीद स्मारक राष्ट्र को समर्पित, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया उद्घाटन

1857 की क्रांति के अमर नायकों की स्मृति को समर्पित यह भव्य स्मारक आने वाली पीढ़ियों को देगा राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 5 नवंबर – 1857 की आजादी की पहली लड़ाई की गौरवशाली गाथा और वीर क्रांतिकारियों के अदम्य साहस का साक्षी बन रहा अंबाला का ऐतिहासिक स्मारक आज राष्ट्र को समर्पित हो गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह ने आज इसका उद्घाटन कर स्वतंत्रता संग्राम के वीर नायकों के बलिदान, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के शौर्य और त्याग की प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी, केंद्रीय बिजली मंत्री  मनोहर लाल, परिवहन मंत्री अनिल विज भी उपस्थित रहे।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह और हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने स्मारक के परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया। इसके उपरांत सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।

इसके उपरांत केंद्रीय गृह मंत्री  अमित शाह ने संग्रहालय से संबंधित परिचयात्मक वर्चुअल रियलिटी फिल्म का प्रस्तुतीकरण देखा और टेलीग्राम प्रदर्शनी के माध्यम से अम्बाला में क्रांति का प्रारंभ, हरियाणा में क्रांति का प्रारंभ का अवलोकन किया। साथ ही, कठपुतली शो के माध्यम से हरियाणा में क्रांति की प्रदर्शनी को देखा। सभी अतिथियों ने 1857 के क्रांतिवीरों के सम्मान में श्रद्धांजलि अर्पित की।

आज़ादी की पहली लड़ाई (1857) के शहीद स्मारक की विशेषताएं

1857 में हुई आज़ादी की पहली लड़ाई केवल एक सैन्य विद्रोह नहीं थी, बल्कि यह स्वतंत्रता की एक प्रबल और व्यापक पुकार थी, जिसने भारत में ब्रिटिश शासन की नींव को हिला दि थी। इस ऐतिहासिक संघर्ष में राव तुलाराम, मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, नाना साहेब और तात्या टोपे जैसे वीर एवं प्रसिद्ध योद्धा प्रमुख नेताओं के रूप में उभरे। उन्होंने असाधारण साहस का परिचय देते हुए स्वतंत्रता के संघर्ष को दिशा और गति प्रदान की। इस महान क्रांति की ज्वाला के बीच हरियाणा के वीर नायक भी उभरकर सामने आए, जिनकी गाथाएँ आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती हैं।

आज़ादी की पहली लड़ाई ने भारतीय मानस में राष्ट्रवाद और देशभक्ति की गहरी भावना का संचार किया, जो आगे चलकर पूरे स्वतंत्रता आंदोलन की नींव बनी। यह संग्रहालय भारत के स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित आगामी सबसे बड़े संग्रहालयों में से एक है, जिसे केवल एक भवन परिसर के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्रीय तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इस स्मारक का पूरा परिसर 22 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है, जहाँ इसकी हर ईंट और हर दीवार देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत है। इस परिसर के केंद्र में स्थित मुख्य संग्रहालय तीन मंजिलों में विभाजित है, जिनमें 22 विशिष्ट दीर्घाओं का अत्यंत सूक्ष्मता और गहन शोध के साथ निर्माण किया गया है।

यह अपने आगंतुकों को केवल शुष्क ऐतिहासिक जानकारी प्रस्तुत नहीं करता, बल्कि वास्तुकला, कला और अत्याधुनिक तकनीक के संगम के माध्यम से अतीत को जीवंत रूप में पुनः प्रस्तुत करता है। टिकटिंग, ओरिएंटेशन कक्ष और आकर्षक कमल छत्र जैसी स्वागत सुविधाओं के साथ यह स्थान आगंतुकों को सीधे 1857 के उस उथल-पुथल भरे दौर में ले जाता है।

संग्रहालय की दीर्घाएँ 1857 की घटनाओं के माध्यम से एक कालानुक्रमिक और इमर्सिव यात्रा के रूप में विकसित होती हैं। अनुभव की शुरुआत ओरिएंटेशन और परिचय दीर्घाओं से होती है, जो आगंतुकों को उनकी आगामी यात्रा के बारे में मार्गदर्शन देती हैं और उन्हें हरियाणा के इतिहास से परिचित कराती हैं। इसके बाद आगंतुक अंग्रेजों का आगमन दीर्घा में प्रवेश करते हैं, जो इस बात का अन्वेषण करती है कि किस प्रकार अंग्रेजों ने धीरे-धीरे भारत की नींव को बाधित किया। हरियाणा की पारंपरिक फुलकारी शिल्पकला के प्रभावशाली उपयोग के माध्यम से, यह दीर्घा इस परिवर्तन के दौर को भारत की पूर्व सांस्कृतिक और आर्थिक समृद्धि की झलकियों के साथ प्रस्तुत करती है। यात्रा आगे क्रांति के कारण दीर्घा में जारी रहती है, जो समाज के विभिन्न वर्गों में फैलते असंतोष का परीक्षण करती है। जटिल धातु-शिल्प कलाकृति और जीवंत होलोग्राफिक मल्टीमीडिया प्रस्तुति के माध्यम से, आगंतुक चर्बी लगे कारतूसों की कहानी से परिचित होते हैं, जो तत्कालिक चिंगारी थी जिसने बढ़ते असंतोष को और तीव्र किया तथा क्रांति को प्रज्वलित करने में सहायता की।

क्रांति कोई रातोंरात घटित होने वाली घटना नहीं थी; इसके पीछे गहरी और सूक्ष्म रणनीति थी। यह क्रांति की योजना दीर्घा में बहुत स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। यहाँ प्रदर्शित किया गया है कि किस प्रकार क्रांतिकारियों ने उत्तर भारत की भीषण गर्मी को अंग्रेजों के विरुद्ध एक प्राकृतिक हथियार के रूप में उपयोग करने का निर्णय लिया और 10 मई को क्रांति के दिन के रूप में चुना। यह दीर्घा हरियाणा की पारंपरिक सरकंडा शिल्पकला का उपयोग करते हुए आगंतुकों को क्रांति के गुप्त और मौन प्रतीकों को समझने के लिए आमंत्रित करती है, जैसे संदेश फैलाने और लोगों को संघर्ष के लिए तैयार करने के लिए उपयोग की जाने वाली संचार की विधियाँ। इनमें अंग्रेजी शासन की क्रूरता को व्यक्त करने के लिए पेड़ की छाल उतारना, आने वाली क्रांति के लिए तैयार होने का संकेत देने हेतु गाँवों में चपातियाँ वितरित करना और छावनियों में सिपाहियों का समर्थन जुटाने के लिए कमल के फूलों का आदान-प्रदान करना शामिल था। इसके बाद यात्रा अम्बाला – एक रणनीतिक स्थान की ओर बढ़ती है, जहाँ एक आकर्षक काइनेटिक टेबल प्रोजेक्शन के माध्यम से अम्बाला छावनी के भौगोलिक और रणनीतिक महत्व को जीवंत किया गया है।

इसके बाद आने वाली अम्बाला की घटनाएँ दीर्घा क्षेत्र में बढ़ते असंतोष के प्रामाणिक ऐतिहासिक दस्तावेज प्रस्तुत करती है। क्रांति के औपचारिक रूप से शुरू होने से पहले ही, मार्च और अप्रैल 1857 के दौरान अम्बाला में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध गुप्त आगजनी की घटनाएँ और बढ़ता प्रतिरोध तीव्र हो गया था।

इसके बाद यात्रा अम्बाला में क्रांति का उदय दीर्घा की ओर बढ़ती है, जो एक ब्रिटिश टेलीग्राफ कार्यालय का पुनर्निर्माण करती है। इसमें वह ऐतिहासिक टेलीग्राम प्रदर्शित किया गया है, जो इस तथ्य का साक्षी है कि 10 मई 1857 की सुबह अम्बाला में अंग्रेजों के विरुद्ध क्रांति का उदय हुआ था, उसी दिन मेरठ में हुए उदय से 9 घंटे पहले। एक इंटरैक्टिव मोर्स कोड अनुभव उस समय की टेलीग्राफ संचार तकनीक को जीवंत कर देता है।

अम्बाला का युद्ध दीर्घा में पारंपरिक लकड़ी की नक्काशी कला 10 मई को अम्बाला में 60वीं और 5वीं नेटिव इन्फैंट्री द्वारा शुरू किए गए प्रथम ऐतिहासिक संघर्ष को अमर करती है। इस महत्वपूर्ण घटना की पूरी कहानी दीर्घा में एक इमर्सिव प्रोजेक्शन शो के माध्यम से प्रस्तुत की गई है। यह क्रांति शीघ्र ही पूरे क्षेत्र में फैल गई। हरियाणा में क्रांति का उदय, हरियाणा में क्रांति, और हरियाणा के युद्ध दीर्घाएँ ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर), वर्चुअल रियलिटी (वीआर), और इंटरैक्टिव प्रोजेक्शन्स का उपयोग करके इस बात को जीवंत रूप से दर्शाती हैं कि हरियाणा के गाँवों और शहरों में अंग्रेजों के विरुद्ध कितने भीषण और कठिन युद्ध लड़े गए। एक काव्यात्मक प्रस्तुति के साथ कठपुतली शो भी उस दौर के संघर्ष की स्थानीय कहानियों को अत्यंत मार्मिक रूप से प्रस्तुत करता है। क्रांतिकारी दीर्घा हरियाणा के किसानों, राजाओं, सैनिकों और समाज के अनेक अन्य वर्गों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करती है। भारत में क्रांति का उदय दीर्घा एआर तकनीक का उपयोग करके दिखाती है कि अम्बाला में प्रज्वलित हुई चिंगारी भारत के विभिन्न हिस्सों में किस प्रकार फैल गई।

स्वतंत्रता के संघर्ष ने अनेक रूप धारण किए। क्रांति के औज़ार दीर्घा इस बात का अन्वेषण करती है कि किस प्रकार तलवारों और बंदूकों के साथ-साथ लोककथाएँ, समाचार-पत्र, प्रतीक और सामाजिक सभाएँ भी प्रतिरोध के शक्तिशाली साधन बन गए। इस दीर्घा में 1857 के शहीदों को समर्पित एक विशेष रेत स्थापना भी है, जिसे देशभर के उन पवित्र क्रांति स्थलों की मिट्टी से तैयार किया गया है जहाँ हमारे वीरों का रक्त बहा था।

इसके बाद, एक 360-डिग्री इमर्सिव प्रोजेक्शन आगंतुकों को पूरे भारत में ले जाता है, जो क्रांति के व्यापक विस्तार को दर्शाता है। यह दर्शाता है कि किस प्रकार पूरे देश में किसान और नेताओं से लेकर महिलाओं और बच्चों तक; लोग एक साथ आए और स्वतंत्रता के संघर्ष में भाग लिया।

इसके बाद भारत में युद्ध दीर्घा क्रांति के विभिन्न प्रमुख स्थलों, जैसे मेरठ जेल, कश्मीरी गेट, बरेली जेल, बिठूर घाट और झाँसी किले के लाइफ-साइज़ मॉडल्स को जीवंत करती है।
सुरंग दीर्घा एक अंधकारमय और इमर्सिव अनुभव प्रदान करती है, जो औपनिवेशिक काल की जेलों की कठोर परिस्थितियों और क्रांतिकारियों द्वारा भागने के साहसिक प्रयासों को जीवंत करती है। लगभग पूर्ण अंधकार में और केवल टॉर्च की रोशनी से प्रकाशित, यह दीर्घा इन ऐतिहासिक जेल अनुभवों के वातावरण को पुनः निर्मित करती है।

अंग्रेजों के अत्याचार दीर्घा अंग्रेजी शासन के दौरान किए गए क्रूरता और दमन को प्रस्तुत करती है, जो आगंतुकों को स्वतंत्रता के संघर्ष के दौरान सहन की गई पीड़ा से रूबरू कराती है। यह विस्तृत कथा आत्मचिंतन और सम्मान की भावना के साथ समाप्त होती है। बलिदान दीर्घा क्षति की एक गहरी अनुभूति को प्रस्तुत करती है, जिसके केंद्र में एक मौन वृक्ष है, जो उन अनगिनत फाँसियों और बलिदानों का साक्षी है, जिन्होंने स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।

परिणाम दीर्घा इस बात का परीक्षण करती है कि 1857 की घटनाओं ने भारत के बाद के पूर्ण स्वतंत्रता के संघर्ष की दिशा को किस प्रकार आकार दिया।

अंततः, आगंतुक श्रद्धांजलि दीर्घा में पहुँचते हैं – यह यात्रा का भावनात्मक चरम है। यहाँ आगंतुक एक गंभीर प्रतिज्ञा लेते हैं, अनगिनत ज्ञात और अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और स्वतंत्रता संग्राम के शाश्वत प्रतीकों – वृक्ष और लौ – को अपने हृदय में आगे लेकर जाते हैं।

22 दीर्घाओं की यह यात्रा पूरे परिसर में स्थित विभिन्न स्मारकों और आगंतुक सुविधाओं से परिपूर्ण है। एक 63 मीटर ऊँचा स्मारक टावर एक प्रमुख स्थलचिह्न के रूप में खड़ा है, जहाँ आगंतुक स्वतंत्रता संग्राम के अमर क्रांतिकारियों को डिजिटल श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। एक हाई-स्पीड लिफ्ट आगंतुकों को 13वीं मंजिल तक ले जाती है, जहाँ एक इमर्सिव प्रोजेक्शन एक्सपीरियंस उनकी प्रतीक्षा करता है। जैसे-जैसे आगंतुक रैंप से नीचे उतरते हैं, डिजिटल और स्थिर पैनल उन्हें उस युग के इतिहास की और झलकियाँ प्रदान करते हैं। भूतल पर एक छोटा कैफ़े और सॉवेनियर शॉप आगंतुक सुविधाओं में वृद्धि करते हैं।

इसके केंद्र में एक अत्याधुनिक ओपन-एयर थिएटर है, जिसमें लगभग 2,500 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। प्रत्येक शाम, यहाँ दो बड़े वॉटर स्क्रीन्स, संग्रहालय की दीवारों पर प्रोजेक्शन मैपिंग और स्मारक टावर पर प्रदर्शित एक नाटकीय लाइट एंड साउंड शो से युक्त एक शानदार प्रस्तुति आयोजित की जाती है, जो खुले आकाश के नीचे 1857 की कहानी को जीवंत रूप से प्रस्तुत करती है।

परिसर में आधुनिक आगंतुक सुविधाएँ भी उपलब्ध हैं, जिनमें वातानुकूलित 300-सीटर ऑडिटोरियम, शोधकर्ताओं और इतिहास के प्रति उत्साही लोगों के लिए एक पुस्तकालय, एक फूड कोर्ट, लगभग 600 कारों के लिए डबल-बेसमेंट पार्किंग और एक हेलीपैड शामिल हैं।

अंततः, आजादी की पहली लड़ाई का शहीद स्मारक केवल एक संग्रहालय से कहीं अधिक है – यह 1857 के ऐतिहासिक संघर्ष की उस भावना को समर्पित एक जीवंत श्रद्धांजलि है, जिसने स्वतंत्रता की साझा खोज में पूरे भारत के लोगों को एक साथ लाया। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक, इस क्रांति ने समुदायों, नगरों और व्यक्तियों को स्वतंत्रता के लिए एक शक्तिशाली आह्वान में एकजुट किया। स्मारक इस विरासत को संरक्षित करता है और वर्तमान तथा भावी पीढ़ियों को याद दिलाता है कि आज हम जिस स्वतंत्रता को संजोते हैं, वह उन अनगिनत क्रांतिकारियों के असाधारण साहस, संघर्ष और बलिदानों से आकार पाई, जिन्होंने स्वतंत्रता के उद्देश्य के लिए अपना जीवन समर्पित किया और हमारे कल के लिए मार्ग प्रशस्त किया।
अंबाला में आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक का उद्घाटन ऐतिहासिक क्षण, यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाएगा – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अंबाला की धरती से 1857 की क्रांति के वीर बलिदानियों को राष्ट्र की ओर से दी श्रद्धांजलि

हरियाणा संघर्ष से समृद्धि तक का सफर तय कर बना आधुनिक औद्योगिक एवं आर्थिक शक्ति – मुख्यमंत्री

विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र के 217 वादों में से 76 संकल्प दो वर्षों में पूरे, शेष पर तेजी से चल रहा काम

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 5 नवंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंबाला की ऐतिहासिक धरती पर आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक का उद्घाटन देश के इतिहास में एक गौरवशाली और अविस्मरणीय क्षण है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह द्वारा इस स्मारक को राष्ट्र को समर्पित करना उन महान बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। यह स्मारक न केवल 1857 की क्रांति के इतिहास और वीर बलिदानियों के अदम्य साहस का साक्षी बनेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति, त्याग और देशप्रेम की भावना को भी मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी वीरवार को अंबाला में आयोजित आजादी की पहली लड़ाई (1857) का शहीद स्मारक के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने स्मारक का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री  मनोहर लाल, कैबिनेट मंत्री  अनिल विज, बीजेपी केंद्रीय प्रभारी स्मृति ईरानी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह का, मां अंबा की पावन धरा पर तीन करोड़ हरियाणावासियों की ओर से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने 1857 की आजादी की पहली लड़ाई का स्मारक तथा नेशनल हाईवे 152जी जलबेड़ा- शाहाबाद खंड का लोकार्पण कर प्रदेशवासियों को समर्पित करने पर केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि आज अंबाला की धरती पर इतिहास, शौर्य और राष्ट्रीय गौरव का एक नया अध्याय लिखा गया है। हमारे लिए बड़े गर्व की बात है कि यह अध्याय देश के यशस्वी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी के कर कमलों से लिखा गया है। आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक का उद्घाटन करके आपने उन महान बलिदानियों को पूरे राष्ट्र की ओर से नमन किया है, जिन्होंने भारत माता की गुलामी की बेड़ियां काटने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए अपना आज कुर्बान कर दिया, ताकि हम आजाद भारत में अपना कल संवार सकें।

उन्होंने कहा कि इतिहास के पन्नों और जनमानस में अक्सर यह धारणा रही है कि इस महान क्रांति की शुरुआत 10 मई, 1857 को मेरठ से हुई थी। लेकिन आजादी की पहली लड़ाई वास्तव में अंबाला में भड़की थी, मेरठ से पूरे नौ घंटे पहले। यहीं से उस संघर्ष की नींव पड़ी, जिसने अंततः पूरे देश को एकजुट कर दिया। इस लड़ाई ने भारतीय मानस में राष्ट्रवाद और देशभक्ति की ऐसी भावना जगाई, जो आगे चलकर पूरे स्वतंत्रता आंदोलन की नींव बनी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि यह स्मारक केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं रहेगा। यह राष्ट्रभक्ति का तीर्थ बनेगा। यहां आने वाला हर युवा उन वीरों के त्याग और साहस को महसूस करेगा और राष्ट्रप्रेम का संकल्प लेकर लौटेगा। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को याद दिलाता रहेगा कि आजादी हमें विरासत में नहीं मिली, यह हमारे वीरों के बलिदान से अर्जित हुई है।

उन्होंने कहा कि  अमित शाह का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन के प्रति समर्पण, अद्भुत कार्यक्षमता और दृढ़ संकल्प की प्रेरक मिसाल है। विद्यार्थी जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से शुरू हुई आपकी यात्रा आपकी कड़ी मेहनत के बल पर संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंची है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में आपने संगठन को देश के कोने-कोने तक पहुंचाया और आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। लक्ष्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता, निर्णय लेने का साहस और परिणाम मिलने तक निरंतर प्रयास, यही आपकी पहचान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि  अमित शाह जी में हमें लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी का दृढ़ संकल्प दिखाई देता है। आपके नेतृत्व में देश अपनी गौरवशाली विरासत, संस्कृति और इतिहास को फिर से प्रतिष्ठित कर रहा है। जो काम दशकों तक असंभव माने गए, वे प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री के रूप में अमित शाह के कार्यकाल में संभव हुए। अनुच्छेद 370 और 35A हटेंगे, यह किसने सोचा था? आज वे इतिहास बन चुके हैं! जम्मू-कश्मीर में एक विधान, एक निशान और एक प्रधान का संकल्प साकार होगा, यह किसने सोचा था? आज यह हकीकत है! नागरिकता संशोधन कानून लागू होगा, यह किसने सोचा था? आज यह भी संभव हुआ! अंग्रेजों के बनाए आपराधिक कानूनों की जगह भारतीय न्याय दृष्टि पर आधारित तीन नए आपराधिक कानून आएंगे, यह किसने सोचा था? आज देश में नई न्याय व्यवस्था लागू है!

उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्रालय के माध्यम से आपने ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को नई दिशा दी है। आपके नेतृत्व में देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं और वामपंथी उग्रवाद जैसी चुनौती पर निर्णायक सफलता मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का हरियाणा की धरती से विशेष आत्मीय संबंध रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा की जनता ने भाजपा सरकार को लगातार तीसरी बार आशीर्वाद दिया है। आपके मार्गदर्शन में केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और गरीब कल्याण के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि चार दिन पहले ही हरियाणा ने अपनी हीरक जयंती मनाई है। इन 60 वर्षों में हरियाणा ने लंबा सफर तय किया है: संघर्ष से समृद्धि तक, संभावनाओं से उपलब्धियों तक, और एक कृषि प्रधान प्रदेश से आधुनिक औद्योगिक एवं आर्थिक शक्ति बनने तक। विशेष रूप से पिछले 12 वर्षों में सुशासन, पारदर्शिता और अंत्योदय की भावना ने इस विकास यात्रा को नई गति दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में हमने संकल्प-पत्र के माध्यम से जनता से 217 वादे किए थे। केवल 2 वर्षों में इनमें से 76 संकल्प पूरे हो चुके हैं और शेष 141 पर पूरी निष्ठा से काम चल रहा है। हम वादे गिनाते नहीं, निभाकर दिखाते हैं। जहां नई राह बनती है, वहां पहला कदम हरियाणा का होता है। तीन नए आपराधिक कानूनों को सबसे पहले लागू करने वाला राज्य हरियाणा है। सभी फसलें एमएसपी पर खरीदने वाला देश का एकमात्र राज्य हरियाणा है। शहीद सैनिकों और अग्निवीरों को 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने वाला पहला राज्य हरियाणा है। स्वतंत्रता सेनानियों को देश में सर्वाधिक, 40 हजार रुपये मासिक पेंशन हरियाणा देता है। लाल डोरा मुक्त गांव, परिवार पहचान पत्र और पेपरलेस रजिस्ट्री की शुरुआत भी सबसे पहले हरियाणा ने की।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार हर कदम पर बेटी के साथ खड़ी है। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से लिंगानुपात बढ़कर 900 के पार पहुंच गया है। बेटियों को स्नातकोत्तर तक मुफ्त शिक्षा मिल रही है। 2 लाख 92 हजार बहनें लखपति दीदी बनी हैं। गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिल रहा है और लाडो लक्ष्मी योजना में 10 लाख से अधिक बहनों को हर महीने 2100 रुपये मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री  अमित शाह के कर कमलों से हरियाणा के ‘विजन 2047’ का विमोचन हुआ था। आज उसे जमीन पर उतारने के लिए तेजी से काम चल रहा है। हमारा लक्ष्य है हरियाणा को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना और 50 लाख नए रोजगार पैदा करना। ‘मेक इन हरियाणा’ औद्योगिक नीति-2026 और नई MSME नीति-2026 इसी रोडमैप की मजबूत कड़ियां हैं। जिस धरती ने आजादी की पहली लड़ाई में अपना लहू दिया, वही धरती आज प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण में सबसे आगे खड़ी है।

इस मौके पर विधानसभा स्पीकर  हरविंद्र कल्याण, कैबिनेट मंत्री  कृष्ण लाल पंवार,  महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, डॉ अरविंद शर्मा,  श्याम सिंह राणा,  रणबीर गंगवा,  कृष्ण बेदी,  श्रुति चौधरी,  आरती राव, राज्य मंत्री  गौरव गौतम, डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिड्ढा सहित सांसद, विधायकगण व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
हरियाणा में 1,149 सदस्यीय राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) का किया गठन

आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत अधिसूचना जारी

प्राकृतिक आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव, राहत एवं निकासी कार्यों को मिलेगी मजबूती

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 5 नवंबर – हरियाणा सरकार ने प्रदेश में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से 1,149 सदस्यीय राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) का गठन किया है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत औपचारिक अधिसूचना जारी की  गई है।

उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, आपातकालीन स्थितियों और अन्य अप्रत्याशित घटनाओं से निपटने के लिए राज्य की संस्थागत क्षमता को सुदृढ़ करना है। नवगठित राज्य आपदा मोचन बल प्रदेशभर में बचाव, राहत, सुरक्षित निकासी और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि इस बल के गठन से आपातकालीन परिस्थितियों में  विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
एसआईआर को लेकर विपक्ष कर रहा है भ्रामक प्रचार – नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने ‘लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को किया संबोधित

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 5 नवंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने वीरवार को करनाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने झंडी  दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया।

पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा प्रदेश की प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी,  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री मंत्री  कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह,  महिपाल ढांडा, डॉ अरविंद शर्मा,  कृष्ण बेदी,  राज्य मंत्री  गौरव गौतम, डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिड्ढा, गवर्नमेंट चीफ व्हिप एवं विधायक राम कुमार कश्यप, विधायक जगमोहन आनंद, विधायक भगवानदास कबीरपंथी, विधायक योगेंद्र राणा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हरियाणा की पावन धरती पर पहुंचने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष द्वारा भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दानवीर कर्ण की नगरी करनाल त्याग, सेवा और दान की परंपरा के लिए जानी जाती है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का मत सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है, जो देश और प्रदेश के भविष्य के निर्माण में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करता है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और वह बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम, दोहरी प्रविष्टियों और त्रुटिपूर्ण रिकॉर्ड की नियमानुसार जांच कर उचित प्रक्रिया के तहत सुधार किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नियमानुसार दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार हम दीपावली से पहले अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी प्रकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता भी जरूरी है। यह प्रक्रिया किसी व्यक्ति या वर्ग के विरुद्ध नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने का कार्य है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे लोकतंत्र के प्रति जागरूक रहें, तथ्यों को समझें, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करें और अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनत, ईमानदारी, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति से है तथा इन सामाजिक और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने पदयात्रा में शामिल माताओं-बहनों, युवाओं, किसानों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का अधिकार सुरक्षित रखना, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी बढ़ाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि हर गांव और वार्ड में जाकर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए प्रेरित करें। किसी का नाम छूट गया हो तो निर्धारित प्रक्रिया में उसकी सहायता करें। बुजुर्गों, महिलाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का हाथ थामें। उन्होंने आश्वस्त किया कि केंद्रीय मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में एसआईआर के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे।

मुख्यमंत्री ने संबोधन का समापन ‘जय जवान, जय किसान, जय हरियाणा, जय हिंद और भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ किया

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 2 2 6
Total Users : 454226
Total views : 719043

शहर चुनें