मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में चौकीदार को पड़ा दिल का दौरा, पुलिसकर्मी ने सीपीआर देकर बचाई जान
इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह के दौरान अचानक बिगड़ी यासीन की तबीयत, जमीन पर गिरते ही मची अफरा-तफरी; पुलिसकर्मी अनिल कुमार की तत्परता से मिली नई जिंदगी
बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 6 नवंबर। सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में शुक्रवार को आयोजित हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे रायपुर रानी के चौकीदार यासीन अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। जानकारी के अनुसार, उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके चलते उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
घटना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम में पहुंचने से पहले हुई। यासीन को अचानक जमीन पर गिरते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति संभाली। इस दौरान एसए/सीटी अनिल कुमार ने बिना समय गंवाए उन्हें सीपीआर (हृदय-फेफड़े पुनर्जीवन प्रक्रिया) देना शुरू कर दिया।
पुलिसकर्मी अनिल कुमार की तत्परता और सूझबूझ से यासीन को समय पर सीपीआर मिल सका। इसके बाद उनमें कुछ होश आने के संकेत मिले। पुलिसकर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिसकर्मी की तत्परता बनी जीवनरक्षक
कार्यक्रम स्थल पर अचानक हुई इस घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने बिना घबराए तुरंत प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराई। दिल का दौरा पड़ने जैसी आपात स्थिति में समय पर सीपीआर देना बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में अनिल कुमार की त्वरित कार्रवाई ने यासीन को अस्पताल पहुंचाने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मी की इस मानवीय पहल और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की जा रही है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि आपातकालीन परिस्थितियों में सीपीआर का प्रशिक्षण और समय पर की गई कार्रवाई किसी की जान बचाने में अहम साबित हो सकती है।













Total Users : 454223
Total views : 719039