November 14, 2026 11:26 pm

November 14, 2026 11:26 pm

ईपीएस-95 पेंशनभोगियों को भी ओपीएस के दायरे में लाने की मांग 12 दिसंबर की रैली में प्रमुखता से उठेगी : सुभाष लांबा

बुढ़ापे में सम्मानजनक जीवन जीने लायक पेंशन देना सरकार की जिम्मेदारी, मामूली पेंशन देकर कर्मचारियों के साथ हो रहा है अन्याय

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 12 नवंबर। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित राष्ट्रीय कर्मचारी आक्रोश रैली में ईपीएस-95 के पेंशनभोगियों को भी पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के समान सुनिश्चित पेंशन देने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जीवनभर सेवाएं देने वाले लाखों कर्मचारी सेवानिवृत्ति के बाद बेहद मामूली पेंशन पर गुजारा करने को मजबूर हैं, जो उनके साथ अन्याय है। उन्होंने बताया कि लगभग 86 लाख ईपीएस-95 पेंशनभोगियों को सम्मानजनक पेंशन और सामाजिक सुरक्षा के लिए संघर्षरत बताते हुए 12 दिसंबर की रैली में उनकी मांग को प्रमुखता से उठाने का ऐलान किया है।
लांबा ने कहा कि केंद्र सरकार ने 16 नवंबर, 1995 को कर्मचारी भविष्य निधि एवं विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 के तहत ईपीएस-95 लागू कर पुरानी परिवार पेंशन व्यवस्था का स्थान अंशदान आधारित पेंशन व्यवस्था से ले लिया। इसमें नियोक्ता के 12 प्रतिशत पीएफ अंशदान में से 8.33 प्रतिशत पेंशन फंड में जमा करने तथा केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित सीमा तक 1.16 प्रतिशत अंशदान देने का प्रावधान किया गया। बाद में पेंशन योग्य वेतन की सीमा निर्धारित करने और अंशदान आधारित गणना के कारण लाखों कर्मचारियों की पेंशन बेहद कम रह गई।
उन्होंने कहा कि सितंबर 2014 में न्यूनतम पेंशन 1,000 रुपये निर्धारित की गई, लेकिन महंगाई के इस दौर में यह राशि सम्मानजनक जीवन जीने के लिए पर्याप्त नहीं है। विडंबना है कि ईपीएस-95 पेंशनभोगियों को न्यूनतम पेंशन पर महंगाई भत्ता भी नहीं मिलता। पेंशन फंड का एक्चुरियल घाटा भी इस व्यवस्था की गंभीर वित्तीय चुनौतियों को उजागर करता है।
लांबा ने कहा कि कर्मचारियों ने अपना पूरा जीवन देश के सार्वजनिक उपक्रमों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को समर्पित किया है, इसलिए सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें सम्मानजनक और सुनिश्चित पेंशन मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने मांग की कि ईपीएस-95 पेंशनभोगियों को ओपीएस के समान पेंशन सुरक्षा दी जाए, न्यूनतम पेंशन सम्मानजनक स्तर पर निर्धारित हो तथा महंगाई भत्ते और नियमित पेंशन संशोधन का लाभ मिले।
उन्होंने ईपीएस-95 पेंशनभोगियों से 12 दिसंबर की दिल्ली रैली में बड़ी संख्या में शामिल होकर इस संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 1 9 3
Total Users : 454193
Total views : 719004

शहर चुनें