November 14, 2026 9:50 pm

November 14, 2026 9:50 pm

हरियाणा शुगर मिल कर्मचारी महासंघ की मांगों पर सहमति, 15 नवंबर का प्रदर्शन स्थगित

पंचकूला में प्रधान सचिव पंकज यादव के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन, दिसंबर में फिर होगी समीक्षा बैठक

रमेश गोयत
पंचकूला, 13 नवंबर। हरियाणा शुगर मिल कर्मचारी महासंघ की विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को पंचकूला सेक्टर-5 स्थित हैफेड कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता विभाग के प्रधान सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव पंकज यादव, रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसाइटी सुभीता ढाका सहित प्रदेश की विभिन्न शुगर मिलों के प्रबंध निदेशकों, हैफेड के एमडी, हरियाणा शुगर फेडरेशन के वित्त सलाहकार वीरेंद्र कूल तथा फेडरेशन के अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में हरियाणा शुगर मिल कर्मचारी महासंघ की ओर से रखी गई मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश शर्मा के अनुसार, प्रधान सचिव पंकज यादव ने कर्मचारियों की सभी मांगों पर सहमति जताते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक के बाद महासंघ ने 15 नवंबर को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित प्रदर्शन को सर्वसम्मति से स्थगित करने का निर्णय लिया।

प्रदेश अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने बताया कि सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने और समाधान का भरोसा मिलने के बाद संगठन ने यह फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि महासंघ कर्मचारियों के हितों और उनकी लंबित मांगों को लेकर लगातार प्रयासरत है। अधिकारियों के साथ हुई बातचीत से कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मांगों पर हुई प्रगति की समीक्षा के लिए दिसंबर माह में दोबारा बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है।


बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री हवा सिंह महेला, सहकारिता विभाग के प्रभारी पुष्कर राज, हरियाणा शुगर मिल कर्मचारी महासंघ के पूर्व प्रधान एवं संगठन मंत्री वीरेंद्र राणा (पानीपत), प्रदेश महामंत्री पवन योगी, प्रदेश उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह (रोहतक), महिपाल नैन (महम), राकेश राणा (शाहाबाद), भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष संदीप यादव, धर्मवीर आर्य, प्रदेश सचिव (सोनीपत), रोहतास शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष वेदपाल सिंह (गोहाना) और हरदयाल सिंह (पलवल) सहित प्रदेश की विभिन्न शुगर मिलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
महासंघ ने उम्मीद जताई कि अधिकारियों की ओर से दिए गए आश्वासन के अनुरूप कर्मचारियों की मांगों पर आगामी दिनों में ठोस कार्रवाई होगी।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 1 3 7
Total Users : 454137
Total views : 718908

शहर चुनें