November 18, 2026 12:56 am

November 18, 2026 12:56 am

दशकों पुराने ग्रामीण डाकघरों को बंद करने पर भड़के ग्रामीण, विजय बंसल ने केंद्रीय मंत्री को भेजा ज्ञापन

बसौला, धमाला, रामगढ़, कोट और बिल्ला के शाखा डाकघरों के विलय का विरोध तेज, बुजुर्गों, महिलाओं और किसानों की बढ़ेंगी मुश्किलें

बसौला डाकघर 1956 से दे रहा सेवाएं, ग्रामीणों को अब डाक और बैंकिंग कार्यों के लिए तय करनी पड़ेगी 10 से 12 किलोमीटर की दूरी

बाबूगिरी न्यूज़
पिंजौर/पंचकुला, 17 नवंबर। पिंजौर-कालका क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में दशकों से संचालित शाखा डाकघरों को बंद कर दूसरे डाकघरों में विलय करने के डाक विभाग के फैसले के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। गांव बसौला और धमाला के शाखा डाकघरों को पिंजौर उप डाकघर में विलय करने तथा गांव रामगढ़, कोट और बिल्ला के शाखा डाकघरों को बंद कर बरवाला डाकघर में शामिल करने के निर्णय से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस फैसले से उन्हें डाक और वित्तीय सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और किसानों को परेशानी होगी।
इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए एडवोकेट विजय बंसल ने डाक विभाग के फैसले पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने केंद्रीय दूरसंचार मंत्री और हरियाणा परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल को ज्ञापन भेजकर शाखा डाकघरों के विलय संबंधी आदेशों को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
विजय बंसल ने कहा कि केंद्र सरकार और डाक विभाग को कोई भी प्रशासनिक निर्णय लेते समय ग्रामीण क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों और आम जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देनी चाहिए। कालका-पिंजौर का बड़ा हिस्सा अर्धपहाड़ी क्षेत्र में आता है, जहां कई गांव दुर्गम और पहाड़ी इलाकों में स्थित हैं। ऐसे में वर्षों से ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे डाकघरों को बंद करना जनहित के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम और नगर परिषद के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में स्थित शाखा डाकघरों को शहरी क्षेत्र के मुख्य डाकघरों में विलय करने के निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की जा रही है, लेकिन विभाग को यह भी देखना चाहिए कि संबंधित गांवों की वास्तविक भौगोलिक स्थिति क्या है और वहां रहने वाले लोगों को इससे कितनी परेशानी होगी।
10 से 12 किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा ग्रामीणों को
विजय बंसल ने कहा कि शाखा डाकघरों के बंद होने के बाद ग्रामीणों को बचत खातों से लेन-देन, पेंशन, डाक जीवन बीमा, बचत योजनाओं, पत्राचार और अन्य डाक संबंधी कार्यों के लिए 10 से 12 किलोमीटर दूर पिंजौर या बरवाला जाना पड़ेगा। इससे ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि इस फैसले का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, पेंशनधारकों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, किसानों, छात्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पड़ेगा। जिन लोगों को गांव के नजदीक ही छोटी-बड़ी डाक सेवाएं मिल रही थीं, उन्हें अब इन सुविधाओं के लिए लंबा सफर तय करना पड़ेगा।

1956 से ग्रामीणों को सेवाएं दे रहा बसौला डाकघर
विजय बंसल ने बताया कि गांव बसौला स्थित शाखा डाकघर फरवरी 1956 से लगातार ग्रामीणों को सेवाएं प्रदान कर रहा है। लगभग 70 वर्षों से संचालित इस डाकघर पर ग्राम पंचायत प्रेमपुरा, चरनियां, किरतपुर और गरीड़ा जट्टां सहित आसपास के गांवों के लोग निर्भर हैं। इन पंचायतों के सैकड़ों बचत खाते इसी डाकघर में संचालित हैं और ग्रामीणों का नियमित डाक एवं वित्तीय लेन-देन यहीं से होता है।
उन्होंने विशेष रूप से बताया कि प्रेमपुरा पंचायत का एक गांव बसौला से करीब 12 किलोमीटर अंदर जंगल क्षेत्र में स्थित है, जहां पहुंचने का रास्ता भी पैदल है। ऐसे में वहां रहने वाले ग्रामीणों के लिए पिंजौर उप डाकघर तक पहुंचना बेहद मुश्किल होगा। उनके लिए बसौला शाखा डाकघर ही सबसे नजदीकी और सुविधाजनक केंद्र है। ऐसे क्षेत्र में डाकघर बंद करने का निर्णय ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ाने वाला साबित होगा।

पंचायत प्रतिनिधियों ने भी भेजा ज्ञापन
इस फैसले के विरोध में ग्राम पंचायत प्रेमपुरा, चरनियां, किरतपुर और गरीड़ा जट्टां के प्रतिनिधियों ने भी मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, हरियाणा परिमंडल, अंबाला को ज्ञापन भेजकर बसौला शाखा डाकघर को पहले की तरह चालू रखने की मांग की है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि जब डाकघर सुचारु रूप से काम कर रहा है और बड़ी संख्या में ग्रामीण इसकी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं, तो इसे बंद करने का कोई औचित्य नहीं है।

विलय के आदेश वापस लेने की मांग, स्थलीय निरीक्षण करवाने का सुझाव
विजय बंसल ने केंद्रीय दूरसंचार मंत्री एवं डाक विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए विलय के आदेश तत्काल वापस लिए जाएं। यदि विभाग के पास इन डाकघरों को बंद करने का कोई प्रशासनिक या आर्थिक कारण है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि किसी भी अंतिम निर्णय से पहले संबंधित ग्राम पंचायतों और ग्रामीणों की राय ली जाए तथा विभागीय अधिकारियों की टीम गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक परिस्थितियों का आकलन करे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डाकघर केवल पत्र भेजने और प्राप्त करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बचत योजनाओं, पेंशन, बीमा और अन्य वित्तीय सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। सरकार का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घरों के नजदीक सुविधाएं उपलब्ध करवाना होना चाहिए, न कि वर्षों से मिल रही सुविधाओं को समाप्त कर उन्हें दूर जाने के लिए मजबूर करना।
विजय बंसल ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण जनता की सुविधा और जनहित सर्वोपरि होना चाहिए। डाक विभाग को अपने फैसले पर पुनर्विचार कर बसौला, धमाला, रामगढ़, कोट और बिल्ला के शाखा डाकघरों को पहले की तरह संचालित रखना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 6 7 9 5
Total Users : 456795
Total views : 722583

शहर चुनें