July 14, 2026 9:55 am

July 14, 2026 9:55 am

ईरान में हालात बेकाबू: अमेरिका ने जारी किया हाई अलर्ट, नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने का निर्देश

वॉशिंगटन: ईरान में पिछले दो हफ्तों से जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। बढ़ती हिंसा और पुलिस कार्रवाई को देखते हुए अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए कड़ा अलर्ट जारी किया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सोमवार, 12 जनवरी 2026 को एडवाइजरी जारी करते हुए सभी अमेरिकियों को तुरंत ईरान छोड़ने का निर्देश दिया है।

500 से ज्यादा मौतों की खबर, हजारों घायल
अमेरिकी प्रशासन के मुताबिक, ईरान में जारी विरोध-प्रदर्शनों के दौरान अब तक 500 से अधिक लोगों की मौत की खबर है, जबकि हजारों लोग घायल बताए जा रहे हैं। एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि देशभर में प्रदर्शन लगातार बढ़ रहे हैं और ये हिंसक रूप ले सकते हैं, जिससे गिरफ्तारी, चोट और आम जनजीवन के पूरी तरह प्रभावित होने का खतरा है।

इंटरनेट और संचार सेवाओं पर रोक
अलर्ट में कहा गया है कि कई इलाकों में सड़कें बंद हैं और इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। ईरान सरकार ने मोबाइल, लैंडलाइन और नेशनल इंटरनेट नेटवर्क तक पहुंच को सीमित कर दिया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
फ्लाइट्स कैंसिल, जमीन के रास्ते निकलने की सलाह
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बताया कि कई एयरलाइंस ने ईरान आने-जाने वाली उड़ानों को कम कर दिया है या पूरी तरह रद्द कर दिया है। कई कंपनियों ने 16 जनवरी तक अपनी सेवाएं रोक दी हैं। ऐसे में अमेरिकी दूतावास ने नागरिकों को जमीन के रास्ते आर्मेनिया या तुर्की के जरिए ईरान छोड़ने पर विचार करने की सलाह दी है।
एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि ईरान छोड़ने की योजना ऐसी हो, जो अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न हो।
जो नहीं जा पा रहे, उन्हें सतर्क रहने की हिदायत
जो अमेरिकी नागरिक फिलहाल ईरान छोड़ने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें सुरक्षित स्थान पर रहने, भोजन, पानी, दवाइयों और जरूरी सामान का स्टॉक रखने की सलाह दी गई है। साथ ही, प्रदर्शनों से दूर रहने, लो-प्रोफाइल बनाए रखने और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है।

दोहरी नागरिकता वालों को सबसे ज्यादा खतरा
अमेरिकी एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि ईरान सरकार दोहरी नागरिकता को मान्यता नहीं देती। ऐसे में अमेरिकी-ईरानी नागरिकों को विशेष खतरा है। ईरान में उन्हें केवल ईरानी नागरिक माना जाएगा और उन पर सख्त प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
अमेरिका ने यह भी स्पष्ट किया है कि ईरान में अमेरिकी दूतावास नहीं है, इसलिए संकट की स्थिति में सरकारी मदद मिलना लगभग असंभव होगा।
अमेरिकी प्रशासन ने अपने नागरिकों से अपील की है कि वे स्थानीय मीडिया पर नजर रखें, हालात के अनुसार अपने प्लान में लचीलापन रखें और जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान की ओर रवाना हों।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 6 8 6 5 5
Total Users : 368655
Total views : 602946

शहर चुनें