September 21, 2026 10:53 am

September 21, 2026 10:53 am

50% आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेगा सुपरवाइज़र का पद: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 16 जनवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए अहम निर्णय लिया। बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी भी मौजूद रही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 10 वर्ष का अनुभव रखने वाली और सुपरवाइज़र पद की पात्रता पूरी करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सुपरवाइज़र के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। इसके तहत अब 50 प्रतिशत पद मौजूदा कार्यकर्ताओं में से भरे जाएंगे, जबकि शेष 50 प्रतिशत पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।

कुपोषण पर खास ध्यान:
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कुपोषित बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के लिए अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पिछले साल चिन्हित 80 हजार कुपोषित बच्चों में से 54 हजार बच्चों को कुपोषण से निजात दिलवाई जा चुकी है। शेष 26 हजार बच्चों को भी जल्द ही लाभ पहुंचाने का काम जारी है। इसके लिए बच्चों को उबले काले चने, चूरमा और किन्नू प्रदान किया जा रहा है।

आंगनवाड़ी केन्द्रों का अपग्रेडेशन:
सरकार 2,000 आंगनवाड़ी केन्द्रों को सक्षम आंगनवाड़ी केन्द्रों में बदलने के काम में तेजी ला रही है। इसके तहत 2,807 आंगनवाड़ी केन्द्रों को अपग्रेड किया जा रहा है। लगभग 20 करोड़ रुपये की राशि इन कार्यों पर खर्च की जा रही है। इसके अलावा 2000 केन्द्रों को प्ले-वे स्कूल में बदलने का कार्य 81 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।

महिला कामकाजी होस्टल और अन्य सुविधाएं:
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में महिला कामकाजी होस्टल बनाए जा रहे हैं। सोनीपत, रेवाड़ी, फरीदाबाद, गुरुग्राम और चरखी दादरी में 6 होस्टल 43 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे हैं। पानीपत में भी होस्टल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। चरखी दादरी में बाल भवन, डे-केयर सेंटर और ओपन शेल्टर होम का निर्माण 12.53 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिनका लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

वन-स्टॉप सेंटर-सखी केंद्र:
प्रभावित महिलाओं को आश्रय, कानूनी सहायता, चिकित्सा सहायता, परामर्श और पुलिस सहायता प्रदान करने के लिए हर जिले में वन-स्टॉप सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन सेंटर्स में अब तक 57,615 से अधिक महिलाओं को मदद दी जा चुकी है।
बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, आयुक्त एवं सचिव वित्त विभाग मोहम्मद शाइन, आयुक्त एवं सचिव महिला एवं बाल विकास शेखर विद्यार्थी, ओएसडी राज नेहरू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 7 4 9 6
Total Users : 417496
Total views : 668922

शहर चुनें