इंदौर: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। वडोदरा में पहला वनडे भारत ने 4 विकेट से जीता था, लेकिन राजकोट में खेले गए दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने सात विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। अब आज (18 जनवरी) इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाने वाला तीसरा और अंतिम वनडे सीरीज का फैसला करेगा।
यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। एक तरफ जहां शुभमन गिल के पास बतौर कप्तान अपनी पहली वनडे सीरीज जीतने का सुनहरा मौका है, वहीं न्यूजीलैंड भारत में अपनी पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है।
रोहित–विराट पर रहेंगी निगाहें
यह मैच रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए भी खास है, क्योंकि इसके बाद भारतीय टीम जून तक कोई वनडे नहीं खेलेगी। ऐसे में दोनों सीनियर खिलाड़ी सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाना चाहेंगे।
रोहित शर्मा इस सीरीज में अब तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। उन्होंने पहले वनडे में 26 और दूसरे में 24 रन बनाए। वहीं विराट कोहली शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पहले मैच में उन्होंने 93 रन की बेहतरीन पारी खेली थी, हालांकि दूसरे वनडे में वह 23 रन पर आउट हो गए। कोहली फिलहाल ICC वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज हैं, लेकिन इंदौर उन चुनिंदा मैदानों में शामिल है जहां वह अब तक वनडे में अर्धशतक नहीं लगा सके हैं।
राहुल और डेरिल मिशेल से बड़ी उम्मीदें
दूसरे वनडे में केएल राहुल ने मुश्किल हालात में 92 गेंदों पर 112 रन बनाकर भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ 10 पारियों में 93.8 की औसत से 469 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक शामिल हैं।
न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिशेल भारतीय गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बने हुए हैं। भारत में भारत के खिलाफ पिछली चार वनडे पारियों में उन्होंने तीन शतक लगाए हैं और हर बार 130 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनका लक्ष्य इस निर्णायक मुकाबले में भी मैच जिताऊ प्रदर्शन करना होगा।
इंदौर में भारत का शानदार रिकॉर्ड
होलकर स्टेडियम भारत के लिए लकी वेन्यू रहा है। यहां भारत ने खेले गए सभी सात वनडे मुकाबले जीते हैं। 2023 में भारत ने इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 399/5 और न्यूजीलैंड के खिलाफ 385/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
शुभमन गिल रिकॉर्ड के करीब
कप्तान शुभमन गिल 3000 वनडे रन पूरे करने से सिर्फ 70 रन दूर हैं। खास बात यह है कि इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए दोनों वनडे मैचों में गिल ने शतक जड़े हैं। अगर वह आज 70 रन बना लेते हैं तो भारत के लिए सबसे तेज 3000 वनडे रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
IND vs NZ तीसरा वनडे: संभावित स्क्वाड
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल, रवींद्र जडेजा, आयुष बडोनी।
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जैकरी फाउलक्स, निक केली, जोश क्लार्कसन, माइकल रे, काइल जैमीसन, मिशेल हे, आदित्य अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, जेडन लेनोक्स।
अब देखना दिलचस्प होगा कि इंदौर में भारत अपनी अजेय लय बरकरार रखता है या न्यूजीलैंड इतिहास रचते हुए सीरीज अपने नाम करता है।











Total Users : 291344
Total views : 493640