September 20, 2026 12:57 am

September 20, 2026 12:57 am

KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, दो लोगों की जिंदा जलकर मौत

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। पांच भारी वाहनों की जबरदस्त टक्कर में दो लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे थाना मोहम्मदपुर अहिर क्षेत्र के अंतर्गत गांव सबरस और गुढ़ी के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो ट्रेलरों ने अचानक बीच सड़क पर ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे से आ रहे एक कंटेनर और दो ट्रक उनसे टकरा गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि खनन सामग्री से लदा एक ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दो ट्रेलरों में आग लग गई। आग तेजी से ट्रेलरों के केबिन तक पहुंच गई, जिससे उनमें सवार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसे में कुल पांच वाहन शामिल थे।

आग लगते ही मची अफरा-तफरी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के चलते एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

आरोपी चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
DSP अभिमन्यु लोहान ने बताया कि अचानक ब्रेक लगाने वाले दोनों ट्रेलरों के चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

यातायात बहाल करने के प्रयास जारी
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू कर दिया है और एक्सप्रेसवे पर यातायात को बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे एक्सप्रेसवे पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 4 5 6
Total Users : 416456
Total views : 667537

शहर चुनें