June 17, 2026 1:24 pm

June 17, 2026 1:24 pm

PANCHKULA: एक साल बाद भी हैंडओवर नहीं हुई मनसा देवी की मल्टीलेवल पार्किंग, श्रद्धालु इंतजार में

पंचकूला: हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा माता मनसा देवी मंदिर परिसर (एमडीसी) में बनाई गई नवनिर्मित पांच मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग इमारत एक साल बीतने के बावजूद अब तक हैंडओवर नहीं हो सकी है। यह पार्किंग मनसा देवी श्राइन बोर्ड को सौंपी जानी है, लेकिन जरूरी एनओसी और तकनीकी खामियों के चलते मामला अटका हुआ है। नतीजतन, मंदिर आने वाले हजारों श्रद्धालु अब भी पार्किंग सुविधा से वंचित हैं।

नवरात्र मेले के लिए बनी थी पार्किंग, लेकिन काम अधर में
इस मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया था। हालांकि, संबंधित विभागों के बीच तालमेल की कमी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में देरी के कारण यह परियोजना अब तक पूरी तरह शुरू नहीं हो सकी है।

डीसी की नाराजगी, जल्द हैंडओवर के निर्देश
मामला जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने हाल ही में पार्किंग इमारत का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जताई और अंतिम चरण के सभी कार्य शीघ्र पूरा कर इमारत को श्राइन बोर्ड को हैंडओवर करने के सख्त निर्देश दिए।
गौरतलब है कि पंचकूला में इस तरह की लेटलतीफी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले सेक्टर-1 स्थित डीसी कार्यालय के सामने पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई मल्टीलेवल पार्किंग भी लंबे समय बाद ऑपरेशनल हो पाई थी।
10 करोड़ की लागत, 300 से ज्यादा वाहनों की क्षमता
केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत मंदिर परिसर के पास करीब तीन एकड़ क्षेत्र में तैयार इस पांच मंजिला पार्किंग पर 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है।
प्रत्येक फ्लोर पर 50 से 60 वाहनों की पार्किंग
कुल क्षमता लगभग 300 से अधिक वाहन
इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग पर फैसला लंबित
पार्किंग में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधा को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। श्राइन बोर्ड सभी फ्लोर पर रैपिड ई-चार्जर लगाने पर विचार कर रहा है। चार्जिंग शुल्क भी श्राइन बोर्ड द्वारा ही तय किया जाएगा।

हैंडओवर में देरी के प्रमुख कारण
केंद्र सरकार की ओर से कुछ प्रतिशत भुगतान लंबित
फायर एनओसी जारी न होना
पार्किंग से जुड़े टॉयलेट्स में शीट और टाइलें टूटी हुई
इमारत में छोटी दरारें और खराब सफाई व्यवस्था
सभी तलों पर जमी कंक्रीट से आवाजाही में दिक्कत
एचएसवीपी द्वारा बिजली कनेक्शन जारी न किया जाना
जब तक इन सभी कमियों को दूर नहीं किया जाता, तब तक श्रद्धालुओं को इस आधुनिक पार्किंग सुविधा के लिए और इंतजार करना पड़ेगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 5 4 2 7
Total Users : 345427
Total views : 571464

शहर चुनें