September 20, 2026 12:18 am

September 20, 2026 12:18 am

PANCHKULA: गणतंत्र दिवस को लेकर पंचकूला पुलिस अलर्ट; इंटर-स्टेट बॉर्डर से लेकर शहर के चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी, 300 पुलिसकर्मी तैनात

होटलों व ठहराव स्थलों का औचक निरीक्षण, बिना वैध पहचान पत्र के ठहरने की अनुमति नहीं
पंचकूला | 23 जनवरी 2026। गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र पंचकूला जिला पूरी तरह सतर्क मोड पर है। 26 जनवरी को शांति, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि गणतंत्र दिवस को देखते हुए जिले में लगभग 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं तथा पंचकूला पुलिस 26 जनवरी तक हाई अलर्ट पर रहेगी। जिले के सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकाबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से इंटर-स्टेट बॉर्डर नाकों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जहां हर वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है।
डीसीपी ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, सराय, धर्मशालाओं और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। होटल और ठहराव स्थलों के रजिस्टर व रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति न दी जाए। निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीमें लगातार औचक निरीक्षण कर रही हैं।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में डॉग स्क्वायड की सहायता से नियमित चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पैदल व मोबाइल गश्त बढ़ा दी गई है। सभी पीसीआर, राइडर और ईआरवी वाहन 24 घंटे अलर्ट मोड पर तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं कोई लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी लावारिस वस्तु को स्वयं छूने या खोलने का प्रयास न करें। पंचकूला पुलिस का उद्देश्य है कि गणतंत्र दिवस का पर्व जिले में शांति, सौहार्द और पूर्ण सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि नागरिक निर्भीक होकर राष्ट्रीय पर्व का आनंद ले सकें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 4 4 3
Total Users : 416443
Total views : 667522

शहर चुनें