April 7, 2026 8:29 am

April 7, 2026 8:29 am

जिस पंजाब केसरी को इंदिरा नहीं झुका पाई, चार दिन पहले बनी भगवंत सरकार क्या झुकाएगी” : अनिल विज

पंजाब सरकार की कार्रवाई प्रेस की आज़ादी पर हमला, बर्दाश्त नहीं : नरेश कौशल

मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन ने पंजाब सरकार के खिलाफ पारित किया निंदा प्रस्ताव

राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने की घोषणा

अंबाला। मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (MWB) के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पंजाब की भगवंत मान सरकार द्वारा पंजाब केसरी संस्थान के कार्यालय पर की गई कथित अनुचित कार्रवाई को लेकर पत्रकारों में भारी रोष देखने को मिला। प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकारों ने एकजुट होकर पंजाब सरकार के खिलाफ सार्वजनिक मंच से निंदा प्रस्ताव पारित किया और जल्द ही इस मामले में पंजाब के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने इस कार्रवाई की तुलना आपातकाल के दौर से करते हुए इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार बताया।

 

पंजाब सरकार की कार्रवाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं : नरेश कौशल

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दैनिक ट्रिब्यून के संपादक नरेश कौशल ने मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों को संगठित करना आज के दौर में बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं बल्कि लोकतंत्र की रीढ़ है।

कौशल ने कहा कि सरकार चाहे केंद्र की हो या राज्य की, उसे इतनी असहिष्णु नहीं होना चाहिए कि आलोचनात्मक खबरों से घबराकर विज्ञापन रोकने या दबाव बनाने लगे। उन्होंने कहा कि “आज पंजाब केसरी के साथ हुआ है, कल किसी और के साथ हो सकता है। ऐसे समय में मीडिया को एकजुट रहना होगा।”

हम और पंजाब केसरी अलग नहीं, हम सब एक हैं : नरेश कौशल

नरेश कौशल ने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के समय कई पत्रकारों ने देश के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि सरकारों को आलोचना को मार्गदर्शन के रूप में लेना चाहिए, न कि दमन के रूप में।

उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा पत्रकार पेंशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अन्य राज्यों को भी इससे सीख लेनी चाहिए।

 

जिस पंजाब केसरी को इंदिरा नहीं झुका पाई, उसे भगवंत सरकार क्या झुकाएगी” : अनिल विज

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने अपने तीखे और बेबाक अंदाज़ में पंजाब सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, “इमरजेंसी के समय भी पंजाब केसरी नहीं झुका। आज चार दिन पहले बनी भगवंत मान सरकार क्या उसे झुका पाएगी?”

अनिल विज ने कहा कि ऐसी सरकारें ज्यादा समय तक नहीं टिकतीं जो प्रेस की आज़ादी पर हमला करती हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आज मीडिया चुप रहा, तो कल सरकार यह भी तय करेगी कि क्या छपेगा और क्या नहीं।

 

लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कमजोर किया गया तो पूरा सिस्टम गिर जाएगा : विज

अनिल विज ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि यदि एक भी स्तंभ कमजोर हुआ तो लोकतंत्र लंगड़ा कर गिर जाएगा।

उन्होंने कहा कि पत्रकार सरकार और जनता के बीच पुल का काम करते हैं और सच्चाई सामने लाना उनका धर्म है।

उन्होंने ऐलान किया कि वे जान की बाजी लगाकर भी पत्रकारों के साथ खड़े रहेंगे और मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन को अपने बजट से 31 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

 

प्रशिक्षण और कल्याण योजनाओं की घोषणा

अनिल विज ने पत्रकारों के लिए आधुनिक तकनीक पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया, जिसे तुरंत स्वीकार करते हुए संस्था अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी और महासचिव सुरेंद्र मेहता ने हरियाणा व हिमाचल प्रदेश में शीघ्र ट्रेनिंग कैंप शुरू करने की घोषणा की।

 

राज्यपाल को सौंपा जाएगा ज्ञापन

मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार की इस कार्रवाई के खिलाफ जल्द ही पंजाब के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा और यदि जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए मीडिया हमेशा एकजुट रहेगा।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 8 2 7
Total Users : 291827
Total views : 494307

शहर चुनें