तीनों आरोपी 5 दिन के पुलिस रिमांड पर
पंचकूला, 24 जनवरी 2026: पंचकूला पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच ने हथियार सप्लाई चेन से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 जनवरी को गश्त के दौरान पुलिस को गांव सकेतड़ी, पंचकूला के पास एक युवक के अवैध हथियार के साथ मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 के इंचार्ज मुकेश सैनी के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से युवक को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। आरोपी के पास हथियार रखने का कोई लाइसेंस नहीं था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु, निवासी सेक्टर-26, चंडीगढ़ (हाल किरायेदार मानव कॉलोनी, सकेतड़ी) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना मनसा देवी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपी विष्णु से पूछताछ के दौरान अवैध हथियार सप्लाई से जुड़े दो अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। इसके आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुनाल शर्मा, निवासी डेराबस्सी, तथा पुष्कर सिंह, निवासी बिहार (हाल किरायेदार डेराबस्सी) को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विष्णु ने हथियार कुनाल शर्मा से खरीदा था, जबकि कुनाल ने यह हथियार पुष्कर सिंह से हासिल किया था। तीनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
रिमांड के दौरान हथियार सप्लाई चेन से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की गहन जांच की जाएगी। साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर अवैध हथियार नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जाएगा।











Total Users : 291760
Total views : 494212