July 13, 2026 7:43 am

July 13, 2026 7:43 am

राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ संसद के बजट सत्र का आगाज, इंफ्रा से लेकर स्टार्टअप तक गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र का बुधवार को औपचारिक आगाज हो गया। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त संबोधन से हुई। सुबह 11 बजे दिए गए अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति ने सरकार की नीतियों, आर्थिक प्रगति और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों को विस्तार से रखा।

इंफ्रास्ट्रक्चर, स्पेस और जीएसटी सुधारों पर जोर
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि बीते वर्षों में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। सड़क, रेल और बंदरगाहों के विकास से आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है। उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की तेजी से बढ़ती वैश्विक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्पेस सेक्टर में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। जीएसटी में किए गए सुधारों से कर व्यवस्था सरल हुई है और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर सेक्टर में तेज प्रगति
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में हुई उल्लेखनीय प्रगति का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सरकार ने चार नई सेमीकंडक्टर यूनिट को मंजूरी दी है, जिससे घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही शिपिंग सेक्टर के लिए 70 हजार करोड़ रुपये के ऐतिहासिक पैकेज की घोषणा की गई है।

स्टार्टअप, रोजगार और कौशल विकास पर फोकस
राष्ट्रपति ने कहा कि देश में आज करीब दो लाख पंजीकृत स्टार्टअप हैं, जो नवाचार और रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। रोजगार मेलों के माध्यम से लाखों युवाओं को नौकरी मिली है। इसके अलावा 20 लाख से अधिक कारीगरों को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया गया है।

महिला सशक्तिकरण और सामाजिक योजनाओं का जिक्र
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सरकार दलितों, गरीबों और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत बीते एक वर्ष में सात लाख महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनी हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं।

सेना के शौर्य को किया नमन
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए भारतीय सेना के साहस और पराक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सशस्त्र बलों को लगातार आधुनिक और मजबूत बनाया जा रहा है।

आर्थिक सर्वे और बजट की रूपरेखा
बजट सत्र के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 पेश करेंगी। इसके बाद 1 फरवरी को केंद्रीय बजट 2026 प्रस्तुत किया जाएगा। यह बजट ऐसे समय में आएगा, जब वैश्विक आर्थिक हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।

बजट से आम जनता और उद्योग को उम्मीदें
आम बजट 2026 से रक्षा, रेलवे, इंफ्रास्ट्रक्चर, निर्यात, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, सेमीकंडक्टर, रियल एस्टेट और कर व्यवस्था में सुधार की उम्मीद की जा रही है। खास तौर पर टैक्सपेयर्स आयकर नियमों को और सरल बनाने और विवाद समाधान तंत्र को मजबूत करने की अपेक्षा कर रहे हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 6 6 8 5 7
Total Users : 366857
Total views : 600567

शहर चुनें