April 6, 2026 1:28 am

April 6, 2026 1:28 am

व्हाट्सएप के जरिए शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 16.30 लाख की ठगी, महिला समेत दो और आरोपी गिरफ्तार

कुल 7 आरोपी काबू
पंचकूला | 29 जनवरी 2026: पंचकूला में व्हाट्सएप के माध्यम से शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का लालच देकर 16 लाख 30 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पंचकूला पुलिस ने 28 जनवरी को महिला समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार की गई महिला आरोपी की पहचान मोनिका के रूप में हुई है, जो पहले से गिरफ्तार पांचवें आरोपी सुशील दत्त की पत्नी है। वहीं दूसरा आरोपी सुभाष चंद, निवासी वेस्ट दिल्ली बताया गया है, जो उत्तर प्रदेश और बिहार में एक एनजीओ से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी सुभाष चंद को माननीय अदालत में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है, जबकि महिला आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

ऐसे हुआ था साइबर फ्रॉड
पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सितंबर 2025 में उसे व्हाट्सएप के जरिए शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। आरोपियों ने उसे एक लिंक भेजकर फर्जी ऐप डाउनलोड करवाया और इसके जरिए अलग-अलग किस्तों में उससे कुल 16 लाख 30 हजार रुपये की ठगी कर ली।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पंचकूला में 20 नवंबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं पांच आरोपी
इस मामले की जांच साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में जांच अधिकारी रविंद्र कुमार कर रहे हैं। पुलिस ने 20 जनवरी को पहले आरोपी अरुण कुमार निवासी गांव धमतान साहिब को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर 22 जनवरी को मोहम्मद राशिद, मोहम्मद आलम खां (दोनों निवासी दिल्ली) और जसबीर सिंह निवासी पंजाब को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के बाद अरुण कुमार, मोहम्मद आलम खां और जसबीर सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि मोहम्मद राशिद को तीन दिन के पुलिस रिमांड के बाद 25 जनवरी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। वहीं 25 जनवरी को पांचवें आरोपी सुशील दत्त निवासी नॉर्थ वेस्ट दिल्ली को गिरफ्तार कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे गहन पूछताछ जारी है।

पुलिस का बयान
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा,
“पंचकूला पुलिस साइबर अपराध के मामलों में पूरी गंभीरता और तकनीकी दक्षता के साथ कार्रवाई कर रही है। आम नागरिक व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश और अधिक मुनाफे के प्रलोभनों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें। साइबर ठगी में शामिल अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 4 0
Total Users : 291340
Total views : 493636

शहर चुनें