चंडीगढ़ | 29 जनवरी 2026: पंजाब सरकार द्वारा बुज़ुर्गों की भलाई और सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए फ्लैगशिप अभियान “हमारे बुज़ुर्ग, हमारा मान” का राज्य-स्तरीय कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस अभियान के तहत 18 फरवरी 2026 तक पंजाब के सभी जिलों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान की औपचारिक शुरुआत 16 जनवरी को मोहाली से की गई थी।
यह जानकारी सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने साझा करते हुए बताया कि स्टेट एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीज़न के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बुज़ुर्गों की स्वास्थ्य सेवाओं, जागरूकता और आवश्यक सुविधाओं पर 7.86 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार बुज़ुर्गों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मानपूर्ण जीवन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह अभियान सरकार की जन-केंद्रित और संवेदनशील सोच का प्रतीक है।
जिला-वार शिविरों का कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि जिला-वार स्वास्थ्य शिविरों की शुरुआत 2 फरवरी को श्री मुक्तसर साहिब और फाज़िल्का से होगी। इसके बाद
3 फरवरी: बठिंडा
4 फरवरी: लुधियाना
5 फरवरी: मोगा
6 फरवरी: अमृतसर और तरनतारन
9 फरवरी: फरीदकोट
10 फरवरी: पटियाला
11 फरवरी: रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब
12 फरवरी: एस.बी.एस. नगर
13 फरवरी: बरनाला और मालेरकोटला
16 फरवरी: जालंधर और कपूरथला
17 फरवरी: गुरदासपुर और पठानकोट
18 फरवरी 2026: संगरूर
में बुज़ुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों में मिलेंगी ये सुविधाएं
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इन शिविरों के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क पूर्ण जेरियाट्रिक जांच, ईएनटी जांच, आंखों की जांच और मोतियाबिंद की सर्जरी विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा की जाएगी। इसके साथ-साथ सीनियर सिटीज़न कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि एएलआईएमसीओ (ALIMCO) के सहयोग से बुज़ुर्गों को व्हीलचेयर, हियरिंग एड और निकट दृष्टि के चश्मे जैसे सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम से संबंधित कानूनी जानकारी भी दी जाएगी।
डॉ. बलजीत कौर ने दोहराया कि मान सरकार बुज़ुर्गों को केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान, सुरक्षा और सहारा देने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
उन्होंने पंजाबवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास रहने वाले बुज़ुर्गों को इन शिविरों में लेकर आएं, ताकि वे अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जी सकें।











Total Users : 291334
Total views : 493630