चंडीगढ़, 29 जनवरी: पंजाब सरकार ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की गौरवशाली विरासत को सम्मान देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए राज्य के 15 सरकारी स्कूलों के नाम महान नायकों और वीर शहीदों के नाम पर रखने का निर्णय लिया है। यह जानकारी पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री सरदार हरजोत सिंह बैंस ने दी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की रोज़मर्रा की शिक्षा में साहस, बलिदान और देशभक्ति के मूल्यों को शामिल करना है। उन्होंने कहा, “सरकारी स्कूलों के नाम स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के नाम पर रखकर हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उनके अमूल्य योगदान और बलिदान विद्यार्थियों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बनें।”
सरदार बैंस ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि जिन नायकों के नाम पर स्कूलों का नामकरण किया गया है, उनके जीवन और योगदान से संबंधित जानकारी उनकी तस्वीरों सहित स्कूल परिसरों में प्रदर्शित की जाए। इससे विद्यार्थियों को मूल्य-आधारित शिक्षा मिलेगी और उनके चरित्र निर्माण में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्कूल केवल शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों और मूल्यों के मंदिर हैं। “यह आवश्यक है कि विद्यार्थियों को निस्वार्थ सेवा, देशप्रेम और बलिदान की भावना के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि वे जिम्मेदार और सशक्त नागरिक बन सकें।”
इन स्कूलों के बदले गए नाम
शिक्षा मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि:
सरकारी हाई स्कूल, संधू कलां (बरनाला) → शहीद सिपाही जगदेव सिंह सरकारी हाई स्कूल
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, घुगियाना (फरीदकोट) → शहीद नायक सुरजीत सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल
सरकारी हाई स्कूल, फतेहपुर (मानसा) → स्वतंत्रता सेनानी सरदार मघ्घर सिंह सरकारी हाई स्कूल
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दलेल सिंह वाला → कॉमरेड धर्म सिंह फक्कर सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल
पी.एम. श्री सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के), भीखी (मानसा) → शहीद कांस्टेबल जसवंत सिंह पी.एम. श्री सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के)
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बख्शीवाला → स्वतंत्रता सेनानी अर्जन सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल
सरकारी मिडिल स्कूल, लुबाणियांवाली (श्री मुक्तसर साहिब) → स्वतंत्रता सेनानी सरवण सिंह सरकारी मिडिल स्कूल
सरकारी हाई स्कूल, हमीरगढ़ (संगरूर) → स्वतंत्रता सेनानी ज्ञानी मुकंद सिंह सरकारी हाई स्कूल
सरकारी मिडिल स्कूल, दुल्लदी (पटियाला) → शहीद सिपाही प्यारा सिंह सरकारी मिडिल स्कूल
सरकारी हाई स्कूल, राजपुरा टाउन → स्वतंत्रता सेनानी अमीर सिंह सरकारी हाई स्कूल
सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल, कैरे (बरनाला) → स्वतंत्रता सेनानी गुरदियाल सिंह सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल
सरकारी प्राइमरी स्कूल, टल्लेवाल (बरनाला) → स्वतंत्रता सेनानी तारा सिंह सरकारी प्राइमरी स्कूल
सरकारी एलीमेंट्री स्कूल, हररंगपुरा पिंडी (बठिंडा) → शहीद सिपाही बूटा सिंह सरकारी एलीमेंट्री स्कूल
सरकारी प्राइमरी स्कूल, नंगल फरीदा (पठानकोट) → शहीद सिपाही राइफलमैन जय सिंह सरकारी प्राइमरी स्कूल
सरकारी प्राइमरी स्कूल, डरोली खुर्द (जालंधर) → शहीद कुलविंदर सिंह सरकारी प्राइमरी स्कूल
सरदार हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि यह पहल केवल नाम बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक संकल्प है कि इन महान नायकों की विरासत आने वाली पीढ़ियों तक जीवंत बनी रहे। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों की नई पहचान विद्यार्थियों को देश के प्रति समर्पण, साहस और निस्वार्थ सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करेगी।











Total Users : 291250
Total views : 493504