August 6, 2026 9:46 am

August 6, 2026 9:46 am

चंडीगढ़ के प्रणय झा का राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज में चयन, पहले ही प्रयास में रचा इतिहास

देशभर से चुने गए सिर्फ 26 अभ्यर्थियों में शामिल, बड़े भाई पहले से ही आरआईएमसी में कैडेट

दोनों भाइयों का लक्ष्य भारतीय वायुसेना की उड़ान शाखा में चयनित होकर राष्ट्र सेवा करना
चंडीगढ़ : चंडीगढ़ क्षेत्र का नाम रोशन करते हुए होनहार छात्र प्रणय झा का चयन राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC), देहरादून में कैडेट के रूप में हुआ है। प्रणय ने पहले ही प्रयास में यह प्रतिष्ठित सफलता हासिल कर अपने परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
प्रणय झा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ओआरसी सैनिक अकादमी, ढकोली से प्राप्त की। उन्होंने चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के सबसे प्रतिष्ठित सैन्य शिक्षण संस्थानों में से एक आरआईएमसी में चयन पाकर अपनी प्रतिभा, कठोर परिश्रम और अनुशासन का उत्कृष्ट परिचय दिया। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष देशभर से केवल 26 अभ्यर्थियों का ही चयन हुआ है, जिससे यह उपलब्धि और भी विशेष बन जाती है।
इस सफलता को और गौरवपूर्ण बनाता है यह तथ्य कि प्रणय के बड़े भाई चैतन्य झा पहले ही 26 जुलाई 2025 को इसी संस्थान में प्रवेश ले चुके हैं। इस प्रकार झा परिवार के दोनों बेटे एक साथ आरआईएमसी में अध्ययनरत हैं, जो अपने आप में एक दुर्लभ और प्रेरणादायक उदाहरण है।


प्रणय झा के अभिभावक रंजीत रंजन झा एवं ऋचा झा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बच्चों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। दोनों भाइयों का लक्ष्य भारतीय वायुसेना की उड़ान शाखा में चयनित होकर देश की सेवा करना है, जो उनके देशप्रेम और समर्पण भाव को दर्शाता है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, देहरादून, भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित एक अत्यंत प्रतिष्ठित संस्थान है, जिसे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के लिए प्रमुख आधार संस्थान माना जाता है।
प्रणय झा की यह उल्लेखनीय सफलता न केवल झा परिवार, बल्कि ओआरसी सैनिक अकादमी, ढकोली और समूचे चंडीगढ़ क्षेत्र के लिए गर्व, सम्मान और प्रेरणा का विषय है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 8 3 5 1 8
Total Users : 383518
Total views : 623276

शहर चुनें