May 23, 2026 8:31 pm

May 23, 2026 8:31 pm

सोना-चांदी में भूचाल: एक दिन में चांदी 44 हजार सस्ती, सोना भी औंधे मुंह गिरा

रिकॉर्ड तेजी के बाद मुनाफावसूली हावी, MCX पर कीमती धातुओं में ऐतिहासिक गिरावट

नई दिल्ली: शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट देखने को मिली। बीते कई सत्रों से जारी रिकॉर्डतोड़ तेजी के बाद बाजार में मुनाफावसूली हावी हो गई, जिससे कारोबार शुरू होते ही कीमती धातुओं के दाम धराशायी हो गए। सबसे बड़ा झटका चांदी को लगा, जबकि सोना भी एक ही सत्र में भारी गिरावट के साथ फिसल गया।

चांदी में ऐतिहासिक एकदिनी गिरावट

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुक्रवार को चांदी की कीमत में करीब 24,000 रुपये प्रति किलोग्राम की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव टूटकर 3,75,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।

गौरतलब है कि गुरुवार को ही चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का आंकड़ा पार किया था और 3,99,893 रुपये पर बंद हुई थी।

विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि 29 जनवरी को चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम का लाइफ टाइम हाई बनाया था। इस रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो महज एक दिन में चांदी करीब 44,148 रुपये सस्ती हो गई, जिसे बाजार में बड़ी एकदिनी गिरावट माना जा रहा है।

 

सोने के दाम भी लुढ़के

चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना शुक्रवार को खुलते ही 8,862 रुपये टूट गया और 1,75,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

गुरुवार को सोना 1,83,962 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, इसी दिन सोने ने 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का नया ऑल-टाइम हाई भी छुआ था। इस स्तर से देखें तो सोना करीब 17,996 रुपये तक सस्ता हो चुका है।

 

गिरावट की मुख्य वजह: मुनाफावसूली

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक सोना और चांदी में आई इस तेज गिरावट की सबसे बड़ी वजह भारी मुनाफावसूली है। रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने मुनाफा काटना शुरू किया, जिससे बिकवाली का दबाव अचानक बढ़ गया और कीमतों में तेज गिरावट आ गई।

 

वैश्विक संकेतों का भी असर

इसके अलावा वैश्विक स्तर पर मिले कुछ राहत भरे संकेतों ने भी बाजार की दिशा बदली। टैरिफ को लेकर अनिश्चितता के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ परमाणु समझौते पर बातचीत की पहल की खबरों से भू-राजनीतिक तनाव कुछ कम हुआ है। इसका असर सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना-चांदी की कीमतों पर पड़ा।

 

निवेशकों के लिए क्या सलाह

बाजार जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोना और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी से बचते हुए सोच-समझकर और सतर्कता के साथ निवेश करने की सलाह दी जा रही है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 5 5 9
Total Users : 323559
Total views : 540277

शहर चुनें