April 5, 2026 6:16 am

April 5, 2026 6:16 am

HARYANA: जनसेवा ही हरियाणा पुलिस का एकमात्र धर्म और पहचान : DGP अजय सिंघल

रोहतक दौरे में अधिकारियों को दिए स्पष्ट दिशा-निर्देश, सीसीटीएनएस लैब का उद्घाटन

नशा तस्करी व संगठित अपराध पर जीरो टॉलरेंस, पुलिसकर्मियों के कल्याण पर विशेष जोर
चंडीगढ़, 30 जनवरी। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी)  अजय सिंघल ने गुरुवार को रोहतक जिला का दौरा कर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए हरियाणा पुलिस की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। डीजीपी ने अधिकारियों से सीधा संवाद कर जमीनी स्तर की चुनौतियों, कार्यप्रणाली और जनता की अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की।
जनता की सेवा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस की न कोई जाति है और न ही कोई धर्म, उसकी एकमात्र पहचान जनता की सेवा, सुरक्षा और विश्वास है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-शिकायतों के निवारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और पुलिस की कार्यप्रणाली पूरी तरह जनता-केंद्रित, पारदर्शी और जवाबदेह बनी रहे।
सीसीटीएनएस लैब का उद्घाटन, तकनीक पर जोर
डीजीपी ने रोहतक में सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम) लैब का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीसीटीएनएस प्रणाली अपराध रिकॉर्ड के बेहतर प्रबंधन, तेज जांच और जिलों के बीच प्रभावी समन्वय में अहम भूमिका निभा रही है।

अपराध नियंत्रण के लिए ग्राउंड लेवल पर सख्ती
कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस ने पिछले वर्षों में ढांचागत सुविधाओं और तकनीकी संसाधनों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने थाना स्तर पर अपराध पैटर्न के नियमित विश्लेषण, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लापरवाही की स्थिति में संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

कम्युनिटी पुलिसिंग और सीसीटीवी नेटवर्क पर बल
डीजीपी ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए पुलिस और जनता के बीच मजबूत विश्वास आवश्यक है। कम्युनिटी पुलिसिंग को सशक्त बनाते हुए गली-मोहल्लों, बाजारों, होटल, नर्सिंग होम, पेट्रोल पंप, बैंक, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों और औद्योगिक क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों की गूगल मैपिंग कर थाना-वार सूची तैयार करने को कहा गया।
नशा तस्करी और संगठित अपराध पर जीरो टॉलरेंस
डीजीपी अजय सिंघल ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी, फिरौती और संगठित अपराध के खिलाफ हरियाणा पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। इन मामलों की मॉनिटरिंग स्वयं सरकार स्तर पर की जा रही है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीआईए टीमों को और अधिक सक्रिय करने तथा वांछित अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पुलिसकर्मियों के कल्याण को सर्वोच्च महत्व
पुलिसकर्मियों के कल्याण पर बोलते हुए डीजीपी ने बताया कि एक्स-ग्रेशिया योजना के तहत अब तक लगभग 300 करोड़ रुपये की सहायता राशि पुलिसकर्मियों के परिजनों को दी जा चुकी है। इसके अलावा पुलिसकर्मियों की बेटियों के विवाह हेतु 5 लाख रुपये की सहायता, आवासीय सुविधाओं का विस्तार, नियमित स्वास्थ्य जांच और बच्चों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग जैसी योजनाओं पर भी निरंतर कार्य किया जा रहा है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 8 2
Total Users : 290982
Total views : 493101

शहर चुनें