August 30, 2026 7:46 am

August 30, 2026 7:46 am

चंडीगढ़ में फिर बम धमकी से हड़कंप, कई स्कूलों को भेजे गए ईमेल; पुलिस और साइबर सेल अलर्ट

चंडीगढ़, 27 फरवरी 2026: शहर में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सेक्टर-38 स्थित विवेक हाई स्कूल को ईमेल के माध्यम से परिसर में बम होने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और एहतियातन सभी विद्यार्थियों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अचानक खाली कराए जाने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि बच्चों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने की गहन तलाशी
धमकी की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। पूरे स्कूल परिसर को सील कर कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, कार्यालयों और अन्य हिस्सों की सघन जांच की गई। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर एहतियात बरती जा रही है।

सेक्टर-47 का माउंट कार्मेल स्कूल भी निशाने पर
सूत्रों के मुताबिक सेक्टर-47 स्थित माउंट कार्मेल स्कूल सहित शहर के कुछ अन्य निजी शिक्षण संस्थानों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए हैं। पिछले कुछ दिनों से स्कूलों, सचिवालय और अदालत परिसरों को इस तरह के संदेश मिलने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

साइबर सेल जांच में जुटी, अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस की साइबर सेल ईमेल की उत्पत्ति और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। तकनीकी विश्लेषण के जरिए आईपी एड्रेस और सर्वर लोकेशन ट्रेस की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह किसी शरारती तत्व की हरकत लग रही है, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्कूलों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 8 5 1
Total Users : 400851
Total views : 646674

शहर चुनें