September 20, 2026 4:38 am

September 20, 2026 4:38 am

PANCHKULA: धुआंधार उद्घाटन अभियान: महापौर कुलभूषण गोयल ने करोड़ों के विकास कार्य जनता को किए समर्पित

पंचकूला। शनिवार को पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक के बाद एक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर “धुआंधार उद्घाटन अभियान” चलाया। इस दौरान करोड़ों रुपये की विकास योजनाएं जनता को समर्पित की गईं, जिससे शहरी के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों को भी बड़ी सौगात मिली।

अभियान की शुरुआत वार्ड नंबर-1 के अंतर्गत गांव सकेतड़ी से हुई, जहां तालाब के नवीनीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया। इन परियोजनाओं पर कुल 1 करोड़ 35 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस अवसर पर महापौर ने वार्ड पार्षद नरेंद्र पाल सिंह लबाना के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यों से क्षेत्रवासियों को सीधा और स्थायी लाभ मिला है।

इसके बाद महापौर ने सेक्टर-21 पंचकूला में 1 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित बैडमिंटन-कम-बैंक्विट हॉल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कई आधुनिक बैडमिंटन व बैंक्विट हॉल बनाए गए हैं, ताकि लोगों को निजी आयोजनों और समारोहों के लिए बाहर न जाना पड़े और पंचकूला में ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। इस अवसर पर भाजपा नेता अनीश अग्रवाल, नमिता गर्ग, पार्षद सोनिया सूद, ओमवती पुनिया, उमेश सूद, सुखबीर पुनिया सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे। महापौर ने वार्ड पार्षद सुनील सिंगला को भी बधाई दी।

अगले चरण में वार्ड नंबर-10 के अंतर्गत गांव रैली में सड़कों के सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। वार्ड पार्षद गुरमेल कौर ने नारियल फोड़कर इस कार्य के लिए महापौर का आभार जताया।

कार्यक्रम के अंत में वार्ड नंबर-17 के अंतर्गत सेक्टर-25 में 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बने बैडमिंटन-कम-बैंक्विट हॉल का उद्घाटन किया गया। महापौर कुलभूषण गोयल ने इस अवसर पर वार्ड पार्षद अक्षय दीप चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे विकास कार्य पंचकूला को आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 5 1 3
Total Users : 416513
Total views : 667600

शहर चुनें