September 19, 2026 11:36 pm

September 19, 2026 11:36 pm

पंचकूला नगर निगम चुनाव से पहले मतदाता सूची पर विवाद: AAP ने लगाए गंभीर अनियमितताओं के आरोप

पंचकूला: नगर निगम चुनावों से पहले मतदाता सूची को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आम आदमी पार्टी, पंचकूला ने कई वार्डों की मतदाता सूची में गंभीर अनियमितताएं मिलने का दावा करते हुए निर्वाचन अधिकारियों के सामने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है और सूचियों की दोबारा गहन जांच की मांग की है।
आम आदमी पार्टी पंचकूला के जिला चेयरमैन राहुल भारतीय ने कहा कि 2 मार्च 2026 की रात को निर्वाचन आयोग के अधिकारियों द्वारा मतदाता सूचियां उपलब्ध करवाई गईं और 7 मार्च तक उन पर आपत्तियां दर्ज कराने के लिए कहा गया। इस प्रकार कुल मिलाकर केवल पांच दिनों का समय दिया गया, जिनमें से दो दिन होली के कारण सरकारी अवकाश रहे।
उन्होंने कहा कि ऐसे में वास्तविक रूप से केवल तीन कार्य दिवस ही उपलब्ध थे। इतने कम समय में नगर निगम पंचकूला के करीब 20 वार्डों और लगभग दो लाख मतदाताओं की सूची की विस्तृत जांच करना किसी भी संगठन या व्यक्ति के लिए संभव नहीं है।
एक ही पते पर कई वोट और बिना पते के नाम
पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची में कई प्रकार की गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं। इनमें एक ही पते पर अनेक वोट दर्ज होना, बिना पते के वोट शामिल होना, एक ही व्यक्ति के डुप्लीकेट वोट और अन्य विसंगतियां शामिल हैं, जो चुनाव परिणामों को प्रभावित कर सकती हैं।
जिला अध्यक्ष राजीव मनोचा ने बताया कि सैकड़ों ऐसे वोट सूची में दर्ज हैं जिनके साथ कोई पता ही नहीं दिया गया है। उनका कहना है कि यदि आम व्यक्ति को भी यह त्रुटि स्पष्ट दिखाई दे रही है, तो निर्वाचन अधिकारियों द्वारा इन्हें ठीक न करना चिंता का विषय है।
एक ही घर के पते पर 10 से 57 तक वोट
पार्टी की जांच में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां एक ही पते पर 10 से लेकर 57 तक वोट दर्ज पाए गए हैं। आम आदमी पार्टी की टीम ने ऐसे घरों की अलग सूची तैयार की है। पार्टी का कहना है कि यह समस्या किसी एक वार्ड तक सीमित नहीं है बल्कि लगभग हर वार्ड में ऐसे मामले सामने आए हैं।
वार्डों के विभाजन पर भी उठे सवाल
आम आदमी पार्टी ने वार्डों के विभाजन में भी भारी असंगति होने का आरोप लगाया है। उदाहरण के तौर पर वार्ड नंबर 13 और 14 में घरों की एक ही श्रृंखला के नंबर अलग-अलग वार्डों में दर्ज किए गए हैं। कई जगह 1200 सीरीज के मकान दोनों वार्डों में दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोगों के लिए सही हाउस नंबर ढूंढना मुश्किल हो रहा है।
इसके अलावा वार्ड नंबर 15 सहित अन्य वार्डों में एक ही व्यक्ति के दो-दो वोट भी बड़ी संख्या में पाए गए हैं।
पार्टी ने मांग की है कि निर्वाचन अधिकारी प्रत्येक वार्ड की मतदाता सूची की गहन जांच करें और सभी त्रुटियों को तुरंत ठीक किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रह सके। आम आदमी पार्टी ने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को सफल नहीं होने देगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 4 1 6
Total Users : 416416
Total views : 667493

शहर चुनें