पंचकूला से 64 युवाओं का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली रवाना, मुख्यमंत्री ने बढ़ाया हौसला
पंचकूला: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित 29वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव–2026 में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार ने हमेशा युवाओं को अपनी नीतियों के केंद्र में रखा है और उनके उत्थान के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने पिछले एक दशक में वह कार्य कर दिखाया है, जो पूर्ववर्ती सरकारें कई दशकों में भी नहीं कर सकीं। उन्होंने ये विचार हरियाणा राज्य के प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोजित प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। कार्यक्रम में युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम भी उपस्थित रहे।

64 युवाओं के साथ समूह चित्र, प्रतिनिधिमंडल को झंडी दिखाकर किया रवाना
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव–2026 में भाग लेने जा रहे 64 युवाओं के साथ समूह चित्र खिंचवाया और उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दल 9 से 12 जनवरी तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव–2026 में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेगा। युवा ग्रुप डांस, वाद-विवाद, पेंटिंग, यंग लीडर्स डायलॉग, हैक फॉर सोशल कॉज और डिजाइन फॉर विकसित भारत जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।

युवाओं पर प्रदेश को पूरा भरोसा
मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि यह ध्वज केवल कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों, वीर संस्कृति और युवाओं के अदम्य साहस का प्रतीक है। यह उस विश्वास को दर्शाता है, जो आज पूरा प्रदेश अपने युवाओं पर करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाया जाता है, जो अपनी सोच, विचारों और कर्मों से सदैव युवा रहे।

हरियाणा हर क्षेत्र में अग्रणी
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसकी युवा शक्ति से तय होता है। जब युवा शिक्षित, आत्मविश्वासी और राष्ट्र के प्रति समर्पित होते हैं, तब कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता। हरियाणा के युवा सेना, खेल, शिक्षा, कृषि, उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। प्रदेश की लोक संस्कृति—नृत्य, संगीत, कला और परंपराएं—सादगी, शक्ति और आत्मीयता का प्रतीक हैं, जिनका प्रदर्शन राष्ट्रीय युवा महोत्सव में पूरे देश को हरियाणा की आत्मा से रूबरू कराएगा।
सशक्त भारत में युवाओं की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा सशक्तिकरण ही सशक्त भारत की कुंजी है। भारत को विश्वगुरु बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। प्रधानमंत्री के प्रयासों से ही भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
युवाओं को रोजगार और सुरक्षा का भरोसा
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं की प्रतिभा के सम्मान और रोजगार के लिए ठोस कदम उठाए हैं। विधानसभा चुनावों के दौरान किया गया वादा निभाते हुए 17 अक्तूबर 2024 को मंत्रिमंडल गठन के साथ ही 24 हजार युवाओं को ग्रुप-सी की नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इसके साथ ही हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत युवाओं के हित में कानून बनाकर उनके भविष्य को सुरक्षित किया गया है। अब उन्हें भी नियमित कर्मचारियों की तरह महंगाई भत्ता और वार्षिक इंक्रीमेंट का लाभ मिलेगा।
डंकी रूट पर चिंता, कानून से कसा शिकंजा
मुख्यमंत्री ने डंकी रूट के जरिए विदेश जाने के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अवैध एजेंटों और धोखाधड़ी पर रोक लगाने के लिए 26 मार्च 2025 को विधानसभा में ऐतिहासिक कानून बनाया गया है। इससे ट्रैवल एजेंटों के काम में पारदर्शिता आएगी। सरकार चाहती है कि युवा विदेश जाएं, लेकिन सम्मान और सुरक्षा के साथ। इसी दिशा में अब तक 1 लाख 14 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है।
64 प्रतिभागी दिखाएंगे हुनर
इससे पहले युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए 64 प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। हरियाणा के युवा परंपराओं के संवाहक होने के साथ-साथ नवाचार के अग्रदूत भी हैं और स्टार्टअप, खेल, विज्ञान, तकनीक, कला व संस्कृति के क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं।










Total Users : 291139
Total views : 493319