चंडीगढ़: हरियाणा में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के कई जिलों के लिए कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। सुबह और देर रात के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने की आशंका जताई गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
इन जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, पलवल, यमुनानगर, कैथल, जींद, फरीदाबाद, रोहतक और नूंह जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
शीतलहर की चपेट में ये इलाके
वहीं भिवानी, हिसार, सिरसा, चरखी दादरी, फतेहाबाद, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों में शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है। इन इलाकों में ठंड और बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट
लगातार जारी शीतलहर और कोहरे के कारण प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने 13 जनवरी तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। शुक्रवार को सुबह 11 बजे के बाद 2 से 3 घंटे तक हल्की धूप निकलने से अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी जरूर दर्ज की गई।
कहां कितना रहा तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन यह अब भी सामान्य से करीब 2.7 डिग्री नीचे बना हुआ है।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान गुरुग्राम में 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार में अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री और करनाल में 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
चंडीगढ़ सहित कई जिलों में सर्द रातें
नारनौल में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री, करनाल में 4.8 डिग्री और चंडीगढ़ में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार दोपहर चंडीगढ़ में तेज धूप खिली रही, जिससे दिन के तापमान में हल्की राहत मिली, लेकिन रातें अब भी कड़ाके की ठंड वाली बनी हुई हैं।











Total Users : 291461
Total views : 493817