बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 20 मई: चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों द्वारा बुधवार को पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण का संदेश देने के लिए अनोखी पहल देखने को मिली। जहां शहर के अधिकतर अधिकारी साइकिल से कार्यालय पहुंचे, वहीं पवित्र सिंह पीसीएस, एसडीएम एवं सहायक एस्टेट ऑफिसर ने ऑटो रिक्शा में सफर कर कार्यालय पहुंचकर सादगी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
बुधवार सुबह जब अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों की ओर रवाना हुए तो प्रशासनिक भवनों के बाहर अलग ही नजारा देखने को मिला। कई अधिकारी निजी गाड़ियों के बजाय साइकिल का उपयोग करते नजर आए। इसी दौरान एसडीएम पवित्र सिंह एक साधारण सीएनजी ऑटो रिक्शा में डीसी ऑफिस पहुंचे। कार्यालय परिसर में ऑटो से उतरते हुए उनकी तस्वीरें भी चर्चा का विषय बनी रहीं।

अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना, ईंधन की बचत को बढ़ावा देना तथा ट्रैफिक और प्रदूषण को कम करने के लिए प्रेरित करना है। बढ़ती गर्मी और प्रदूषण के बीच प्रशासन का यह संदेश आम लोगों के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है।
एसडीएम पवित्र सिंह ने कहा कि यदि अधिकारी स्वयं आगे बढ़कर सार्वजनिक परिवहन और पर्यावरण हितैषी साधनों का उपयोग करेंगे, तो समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहलें भी बड़े बदलाव का आधार बन सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ प्रशासन समय-समय पर ग्रीन और स्वच्छ शहर के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता अभियान चलाता रहा है। बुधवार को अधिकारियों द्वारा साइकिल और ऑटो का उपयोग भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है।













Total Users : 382563
Total views : 621945