जिला सह-कोषाध्यक्ष और सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक पद से भी दिया इस्तीफा
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला, 21 मई। भारतीय जनता पार्टी को पंचकूला में उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता और जिला सह-कोषाध्यक्ष जसवीर सिंह गोयत ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता समेत अपने सभी संगठनात्मक दायित्वों से इस्तीफा दे दिया। गोयत सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पद पर भी कार्यरत थे।
सेक्टर-28 निवासी जसवीर सिंह गोयत ने अपने त्याग पत्र में स्पष्ट कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं तथा भविष्य में पार्टी से कोई संबंध नहीं रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह आगे किसी भी राजनीतिक दल या गतिविधि से नहीं जुड़ेंगे।
अपने इस्तीफे में उन्होंने लिखा कि, “मैं जसवीर सिंह गोयत पुत्र श्री सुरत सिंह, पंचकूला निवासी, भारतीय जनता पार्टी के जिला सह-कोषाध्यक्ष एवं जिला संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ के दायित्व से और भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता से त्याग पत्र देता हूँ। भविष्य में कभी भी भाजपा से नाता नहीं रखूंगा, ना किसी के साथ कोई राजनीतिक संबंध रखूंगा।”
बताया जा रहा है कि जसवीर सिंह गोयत भाजपा पंचकूला में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। सदस्यता अभियान के दौरान उन्होंने करीब 2425 नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने में अहम योगदान दिया था। ऐसे में उनके इस्तीफे को संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।













Total Users : 323461
Total views : 540129