August 5, 2026 4:40 am

August 5, 2026 4:40 am

CHANDIGARH NEWS: संजय टंडन के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- “संकट में मौन, क्रेडिट लेने में सबसे आगे”

सांसद मनीष तिवारी को ‘नॉन-परफॉर्मर’ बताने पर कांग्रेस ने भाजपा नेता को घेरा

रमेश गोयत
चंडीगढ़, 6 जून। भाजपा नेता संजय टंडन द्वारा चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी को “नॉन-परफॉर्मर” बताए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। चंडीगढ़ कांग्रेस के सचिव नरेंद्र चौधरी ने टंडन के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके तर्क न केवल कमजोर हैं, बल्कि वे राजनीतिक व्यवस्था की मूलभूत समझ को भी नजरअंदाज करते हैं।
नरेंद्र चौधरी ने जारी बयान में कहा कि चुनावी वादे किसी एक सांसद द्वारा नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों द्वारा किए जाते हैं। ऐसे में विपक्ष में बैठे किसी सांसद से उन सभी वादों को पूरा करने की अपेक्षा करना तर्कसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि जब किसी दल की सरकार सत्ता में नहीं होती, तब उसके जनप्रतिनिधियों की भूमिका जनहित के मुद्दों को उठाने और जनता की आवाज को मंच तक पहुंचाने की होती है।

भाजपा अपने वादों पर जवाब दे : कांग्रेस
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा स्वयं रोजगार, आर्थिक सहायता और पेट्रोल-डीजल सहित ईंधन की कीमतों को लेकर किए गए कई वादों पर पूरी तरह खरी नहीं उतर पाई है। ऐसे में भाजपा नेताओं को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने प्रदर्शन का भी आकलन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सांसद मनीष तिवारी लगातार जनता के बीच सक्रिय हैं। वे लोगों से मुलाकात कर रहे हैं, सामुदायिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं और विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत हैं। इसके विपरीत संजय टंडन की सार्वजनिक मौजूदगी काफी सीमित दिखाई देती है।

खुले मंच पर बहस की चुनौती स्वीकार नहीं की”
चौधरी ने दावा किया कि चुनाव के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुली बहस की चुनौती दी गई थी, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के कई अहम विषयों और जनहित के मुद्दों पर भी टंडन की ओर से अपेक्षित प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिली।
कांग्रेस नेता ने कहा कि नगर निगम से जुड़े कई मामलों पर भी भाजपा नेता की चुप्पी सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी राजनीतिक श्रेय लेने का अवसर आता है तो टंडन सबसे आगे दिखाई देते हैं, लेकिन कठिन परिस्थितियों या विवादित मुद्दों पर वे मौन साध लेते हैं।

नगर निगम और विकास परियोजनाओं पर भी उठाए सवाल
बयान में चौधरी ने कहा कि शहर में 24 घंटे जलापूर्ति परियोजना की विफलता, मेट्रो परियोजना, स्मार्ट सिटी मिशन से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोप तथा नगर निगम के वित्तीय संकट जैसे कई मुद्दे हैं, जिन पर भाजपा नेताओं को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अक्सर मेयर चुनाव के दौरान भाजपा उम्मीदवारों को बधाई देने और श्रेय लेने के लिए संजय टंडन सामने आते हैं, जबकि संगठनात्मक स्तर पर मेहनत अन्य नेताओं और पार्षदों की होती है।

“जनता मुद्दों की राजनीति चाहती है”
कांग्रेस सचिव ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता अब व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों पर आधारित राजनीति देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि बेहतर नेतृत्व वही है जो जनता के सवालों का जवाब दे और शहर की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल करे।
अंत में चौधरी ने संजय टंडन को सलाह देते हुए कहा कि वे सांसद मनीष तिवारी के कार्यों और गतिविधियों की जानकारी लेने के लिए आधिकारिक स्रोतों का अध्ययन करें और तथ्यों के आधार पर राजनीति करें।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 8 2 5 5 7
Total Users : 382557
Total views : 621938

शहर चुनें