बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़/रोहतक, 10 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रोहतक में हुए दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दुखद घटना को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने की घोषणा की है। इसके अलावा हादसे में घायल हुए लोगों को 2-2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का भी निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हादसे में घायल सभी व्यक्तियों का उपचार सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क कराया जाएगा और उनके इलाज में किसी प्रकार की आर्थिक बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
श्री नायब सिंह सैनी ने रोहतक के उपायुक्त को घटना में हुए जान-माल के नुकसान का विस्तृत आकलन करने तथा पूरी घटना की रिपोर्ट तैयार कर सरकार को सौंपने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करे और राहत कार्यों की लगातार निगरानी रखे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है तथा प्रभावित लोगों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।













Total Users : 338828
Total views : 561981