August 5, 2026 5:28 am

August 5, 2026 5:28 am

चंडीगढ़ में दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी, मेडिकल स्टोर के कैशियर की गोली लगने से मौत

रमेश गोयत
चंडीगढ़,13 जून। शहर के पॉश इलाके सेक्टर-11 में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब कुमार मेडिकल स्टोर के भीतर घुसकर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए मेडिकल स्टोर के कैशियर की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश निवासी जानकी दास के रूप में हुई है, जो लंबे समय से सेक्टर-11 स्थित कुमार मेडिकल स्टोर में कैशियर के तौर पर कार्यरत थे। वारदात की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मेडिकल स्टोर में घुसते ही बरसाईं गोलियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे दो अज्ञात हमलावर एक्टिवा पर सवार होकर मेडिकल स्टोर के बाहर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर सीधे दुकान के अंदर दाखिल हुए और जानकी दास को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर दहशत में आ गए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल जानकी दास को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस नाके के बावजूद फरार हुए आरोपी
हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस का नाका मौजूद था, इसके बावजूद हमलावर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार होने में सफल रहे। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर डीएसपी दलबीर सिंह भिंडर, सेक्टर-11 थाना प्रभारी जसपाल सिंह भुल्लर, इंस्पेक्टर सतिंदर सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है।
जांच एजेंसियां हमलावरों के आने-जाने के रूट, वाहन और उनकी पहचान से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हुई हैं। तकनीकी निगरानी के जरिए भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

पुरानी रंजिश का एंगल जांच के दायरे में
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पुरानी रंजिश का एंगल भी सामने आता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक जानकी दास मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र के रहने वाले थे और उनका पहले किसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी विवाद से जुड़े लोगों पर संदेह जताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मृतक को पहले भी धमकियां मिलने की बात सामने आई है।
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित
चंडीगढ़ के कार्यकारी एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 8 2 5 6 3
Total Users : 382563
Total views : 621945

शहर चुनें