September 20, 2026 5:20 am

September 20, 2026 5:20 am

हरियाणा ने जापान के साथ आर्थिक संबंधों को दी नई मजबूती; CM नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ में मिजुहो बैंक के MD ने की मुलाकात

निवेश अनुकूल नीतियों से हरियाणा वैश्विक कंपनियों की पहली पसंद बना: मुख्यमंत्री

ऑटोमोबाइल, शिक्षा और सेमीकंडक्टर क्षेत्रों में जापान–हरियाणा सहयोग होगा विस्तारित
चंडीगढ़, 8 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आज चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय में जापान के प्रतिष्ठित मिजुहो बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं इंडिया हेड श्री रयो मुराओ के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हरियाणा और जापान के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने तथा राज्य में रणनीतिक निवेश के नए अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा के विदेश सहयोग विभाग के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) करने में गहरी रुचि व्यक्त की। प्रस्तावित सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों में ऑटोमोबाइल विनिर्माण, शिक्षा, वित्तीय सेवाएं तथा वैश्विक स्तर पर तेजी से उभरता सेमीकंडक्टर क्षेत्र शामिल हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि हरियाणा की प्रगतिशील नीतियों और मजबूत ईज ऑफ डूइंग बिजनेस वातावरण से प्रभावित होकर मिजुहो बैंक ने अपना कार्यालय दिल्ली से गुरुग्राम स्थानांतरित किया है। उन्होंने राज्य में अपने परिचालन और निवेश के दायरे को और विस्तार देने के लिए हरियाणा सरकार से निरंतर सहयोग का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि हरियाणा पारदर्शी शासन, आधुनिक अवसंरचना और कुशल मानव संसाधन के साथ निवेशकों के लिए एक स्थिर और अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज वैश्विक कंपनियों की पहली पसंद बनकर उभर रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जापान और भारत के सांस्कृतिक संबंधों के प्रतीक स्वरूप श्री रयो मुराओ को श्रीमद्भगवद्गीता की एक प्रति भेंट की।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने विदेशी पूंजी निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विदेश सहयोग विभाग का गठन किया है। यह विभाग ‘गो ग्लोबल अप्रोच’ के तहत लगातार विदेशी निवेशकों से संपर्क कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा की कूटनीति तथा द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय संबंधों को सशक्त बना रहा है।
बैठक में मुख्यमंत्री के विदेश सहयोग विभाग के सलाहकार  पवन कुमार चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 5 2 0
Total Users : 416520
Total views : 667608

शहर चुनें