August 5, 2026 7:02 am

August 5, 2026 7:02 am

अफगानिस्तान ने दिल्ली स्थित दूतावास में नूर अहमद नूर को किया नियुक्त, भारत के साथ रिश्तों में नई मजबूती

नई दिल्ली: अफगानिस्तान ने भारत के साथ अपने कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। अफगानिस्तान ने नूर अहमद नूर को दिल्ली स्थित अफगान दूतावास में राजनयिक नियुक्त किया है। सूत्रों के हवाले से शनिवार को एएनआई ने इसकी पुष्टि की।

स्वास्थ्य और दवाओं में भारत बना अहम साझेदार
इससे पहले 20 दिसंबर को अफगानिस्तान के पब्लिक हेल्थ मिनिस्टर मौलवी नूर जलाल जलाली ने कहा था कि पाकिस्तान के साथ बिगड़ते संबंधों के चलते भारत अफगानिस्तान की दवाइयों और स्वास्थ्य जरूरतों के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक साझेदार के रूप में उभर रहा है। उन्होंने भारत के साथ सहयोग के एक नए अध्याय की शुरुआत करने की बात कही थी।

भारत भरोसेमंद पार्टनर, पाकिस्तान से रिश्ते खराब”
नई दिल्ली में आयोजित पारंपरिक चिकित्सा पर दूसरे डब्ल्यूएचओ ग्लोबल समिट के दौरान जलाली ने कहा,
“भारत के साथ हमारे लंबे समय से मजबूत रिश्ते रहे हैं। हम सहयोग और तालमेल का नया अध्याय शुरू करना चाहते हैं। पाकिस्तान के साथ हमारे रिश्ते खराब हो चुके हैं।”

भारत ने दोहराई मानवीय सहायता की प्रतिबद्धता
भारत ने अफगानिस्तान के लिए लगातार मानवीय सहायता देने की अपनी नीति को दोहराया है। इसमें दवाओं की दीर्घकालिक आपूर्ति और स्वास्थ्य सहायता को द्विपक्षीय संबंधों का प्रमुख स्तंभ बताया गया। विदेश मंत्रालय ने जलाली की पहली आधिकारिक भारत यात्रा का स्वागत किया, जो अफगानिस्तान के प्रति भारत की निरंतर सहायता को दर्शाता है।

बढ़ता आधिकारिक संवाद
जलाली का दौरा दोनों देशों के बीच बढ़ते आधिकारिक संवाद का हिस्सा माना जा रहा है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने तालिबान के सत्ता में आने के बाद पहली बार भारत का दौरा किया था और भारत में मिले स्वागत के लिए आभार जताया था।

वीजा समस्या सुलझी, अफगान नागरिकों को राहत
अफगानिस्तान के वाणिज्य और उद्योग मंत्री अलहाज नूरुद्दीन अजीजी ने 24 नवंबर को बताया था कि भारत और अफगानिस्तान के बीच वीजा से जुड़ी पुरानी समस्याओं का समाधान हो गया है। अब अफगान नागरिक मेडिकल इलाज और बिज़नेस उद्देश्यों के लिए भारतीय वीजा प्राप्त कर सकेंगे।
पांच दिन की आधिकारिक भारत यात्रा के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि दिल्ली स्थित अफगान दूतावास इन सेवाओं को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। वहीं, काबुल में भारतीय दूतावास भी अफगान नागरिकों को सहयोग देने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 8 2 6 0 9
Total Users : 382609
Total views : 622021

शहर चुनें