बेटियों की शादी के लिए ₹2.50 लाख का शगुन, हॉस्टल के लिए ₹50 हजार तक की ग्रांट; पुलिस हाउसिंग बढ़ाने के साथ नए पुलिस स्टेशन और पुलिस लाइंस के निर्माण पर जोर – डीजीपी
वेलफेयर योजनाओं का दिखा असर — 74 बेटियों को ₹2.50 – ₹2.50 लाख का शगुन, 5 विद्यार्थियों को ₹50-₹50 हजार की हॉस्टल ग्रांट
-1 अक्टूबर से पुलिस लाइन, एचपीए तथा कमांडो ट्रेनिंग सेंटर में 17 आधुनिक बैंक्वेट हॉल होंगे फंक्शनल-डीजीपी
चंडीगढ़, 17 सितंबर। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस द्वारा वेलफेयर योजनाओं के साथ-साथ पुलिस हाउसिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिकीकरण को मजबूत करने की दिशा में व्यापक कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। 1 अप्रैल 2026 से शुरू की गई ‘शगुन योजना’ के तहत पुलिसकर्मियों की बेटियों की शादी के लिए ₹2.50 लाख की राशि शगुन के तौर पर प्रदान की जा रही है। अब तक 74 बेटियों को इस योजना का लाभ दिया जा चुका है और कुल ₹1.85 करोड़ से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। इसी प्रकार, ‘हॉस्टल योजना’ के तहत घर से बाहर हॉस्टल में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को ग्रांट दी जाती है। प्राप्त 5 आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए प्रत्येक विद्यार्थी को ₹50-₹50 हजार की हॉस्टल ग्रांट प्रदान की जा चुकी है। इन योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों के परिवारों को यह भरोसा देना भी है कि विभाग उनके भविष्य की जरूरतों में उनके साथ खड़ा है। विभाग का फोकस ऐसा आधुनिक पुलिसिंग सिस्टम विकसित करने पर है, जिसमें पुलिसकर्मियों को बेहतर आवास, बेहतर कार्यस्थल, आधुनिक संसाधन और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।
पुलिसकर्मियों का कल्याण और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर हमारी प्राथमिकता: डीजीपी अजय सिंघल
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों का कल्याण हरियाणा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और आधुनिक पुलिस व्यवस्था के लिए जरूरी है कि पुलिसकर्मियों को बेहतर आवास, कार्यस्थल और सुविधाएं उपलब्ध हों तथा उनके परिवारों की शिक्षा और सामाजिक आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाए। इसी उद्देश्य से शगुन योजना, हॉस्टल योजना और पुलिस लाइनों में बैंक्वेट हॉल जैसी कल्याणकारी पहलें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस हाउसिंग के विस्तार, नए पुलिस स्टेशन और पुलिस लाइंस के निर्माण तथा आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2030 और विजन 2047 के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए विभाग एक ऐसी पुलिस व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रयासरत है, जो अपने पुलिसकर्मियों के कल्याण के साथ-साथ तकनीक, आधुनिक संसाधनों और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में भी भविष्य की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हो।
–पुलिस लाइन, एचपीए तथा कमांडो ट्रेनिंग सेंटर में 17 आधुनिक बैंक्वेट हॉल तैयार — 1 अक्टूबर से होंगे फंक्शनल
पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों को सुविधाजनक बनाने की दिशा में हरियाणा पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रदेश की विभिन्न पुलिस लाइनों में 17 बैंक्वेट हॉल तैयार किए जा चुके हैं, जिन्हें 1 अक्टूबर 2026 से फंक्शनल किया जाएगा। इनमें से 15 बैंक्वेट हॉल पुलिस लाइनों में , 1 हरियाणा पुलिस अकादमी तथा एक कमांडो ट्रेनिंग सेंटर में तैयार किया गया है। इन बैंक्वेट हॉल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को शादी, सगाई, जन्मदिन, पारिवारिक समारोह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधाजनक, सुव्यवस्थित और बेहतर स्थान उपलब्ध कराना है। इससे पुलिसकर्मियों को निजी स्तर पर कार्यक्रमों के लिए अलग स्थान तलाशने और अतिरिक्त खर्च की चिंता से भी राहत मिलेगी। पुलिस लाइनों में उपलब्ध इन सुविधाओं के माध्यम से पुलिस परिवारों को उनके कार्यस्थल के आसपास ही बेहतर सामाजिक एवं सामुदायिक सुविधा मिल सकेगी। यह पहल पुलिसकर्मियों के कार्य-जीवन संतुलन और पारिवारिक कल्याण को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विभाग का प्रयास है कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी से जुड़ी जिम्मेदारियों के साथ-साथ उनके और उनके परिवारों की सामाजिक जरूरतों का भी समुचित ध्यान रखा जाए।
2030 तक पुलिस हाउसिंग में बड़े विस्तार का लक्ष्य
पुलिसकर्मियों के लिए पर्याप्त आवास उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। वर्तमान में करीब 15 हजार पुलिस आवास उपलब्ध हैं। आने वाले वर्षों में पुलिस हाउसिंग का बड़े स्तर पर विस्तार करने के लिए चरणबद्ध योजना तैयार की गई है। वर्ष 2030 तक पुलिस आवासों की संख्या को लगभग 15 से 20 हजार तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, विजन 2047 के तहत पुलिस हाउसिंग सैटिस्फैक्शन को बढाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। पुलिस फोर्स की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आने वाले वर्षों में बड़े पैमाने पर नए आवासीय ढांचे के निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर और मॉडर्नाइजेशन के लिए ₹658 करोड़ की अतिरिक्त राशि
हरियाणा पुलिस के इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिकीकरण को नई गति देने के लिए राज्य सरकार की ओर से महत्वपूर्ण वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया गया है। गृह विभाग और वित्त विभाग के सहयोग से करीब ₹658 करोड़ की अतिरिक्त राशि विभाग को उपलब्ध कराई गई है। इस राशि का उपयोग मुख्य रूप से पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर, पुलिस हाउसिंग, आधुनिक उपकरणों और पुलिस फोर्स के मॉडर्नाइजेशन पर किया जाएगा। आने वाले दो वर्षों में इस निवेश का प्रभाव धरातल पर दिखाई देने की उम्मीद है। इसके तहत नए पुलिस स्टेशन, नई पुलिस लाइंस, नए पुलिस आवास और अन्य आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के निर्माण पर तेजी से काम किया जाएगा।
–कल्याण और आधुनिक पुलिसिंग—दोनों पर समान जोर
सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस का लक्ष्य है कि पुलिसकर्मियों के कल्याण को मजबूत करने के साथ-साथ पुलिसिंग के बुनियादी ढांचे को भी भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना। जहां एक ओर शगुन, हॉस्टल और अन्य वेलफेयर योजनाओं के माध्यम से पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस हाउसिंग, नए पुलिस स्टेशन, पुलिस लाइंस, आधुनिक उपकरण और तकनीकी संसाधनों के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 2030 के लक्ष्यों से लेकर विजन 2047 तक, हरियाणा पुलिस एक ऐसी आधुनिक, सक्षम और कर्मचारी-केंद्रित पुलिस व्यवस्था तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।















Total Users : 415161
Total views : 665853