September 22, 2026 10:34 am

September 22, 2026 10:34 am

रेवाड़ी में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: खाद बीज व्यापारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

रेवाड़ी: देर रात खरखड़ा-भटसाना रोड पर पुलिस और बदमाश के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश की ओर से पांच राउंड, जबकि पुलिस की ओर से दो राउंड फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। मुठभेड़ के दौरान सीआईए प्रभारी और एक सब-इंस्पेक्टर को भी गोलियां लगीं, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण दोनों सुरक्षित रहे।

खाद बीज व्यापारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी
मुठभेड़ में घायल बदमाश खाद-बीज व्यापारी मोहन हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न थानों में 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें करीब 10 हत्या के केस शामिल हैं।

STF और CIA की संयुक्त कार्रवाई
रेवाड़ी पुलिस को इनपुट मिला था कि बीज व्यापारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी खरखड़ा से भटसाना की ओर जाएगा। सूचना मिलते ही STF और CIA धारूहेड़ा की टीमों ने संयुक्त रूप से इलाके में नाकेबंदी की।

नाके पर फायरिंग, पैर में लगी गोली
जब पुलिस ने नाके पर एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश ने एक के बाद एक पांच गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां सीआईए प्रभारी और एक एसआई की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो राउंड फायर किए, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

20 से ज्यादा केस, 10 हत्याएं दर्ज
पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश की पहचान जयभगवान उर्फ सोनू, निवासी गांव पिनाना, जिला सोनीपत के रूप में हुई है। उसके खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में 20 से अधिक केस दर्ज हैं, जिनमें 10 हत्या के मामले शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारूहेड़ा थाने में हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुलिस की जांच जारी
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि सूचना के आधार पर STF और CIA ने संयुक्त कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान कुल सात राउंड फायरिंग हुई। घायल बदमाश को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

खाद विक्रेता मोहन हत्याकांड का खुलासा
गौरतलब है कि 23 दिसंबर को गांव बहाला में खाद-दवा विक्रेता मोहन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कार सवार दो बदमाशों ने दवा खरीदने के बहाने दुकान में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था। जांच में हिसार की एक एग्रो कंपनी से लेन-देन का विवाद सामने आया था, जिसमें कंपनी के एमडी जयवीर सिंह की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में बदमाश सोनू का नाम उजागर हुआ था।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 8 0 4 1
Total Users : 418041
Total views : 669602

शहर चुनें