July 14, 2026 9:56 am

July 14, 2026 9:56 am

अमेरिका का बड़ा फैसला: ईरान से कारोबार करने वाले देशों पर 25% टैरिफ, ट्रंप बोले—आदेश तुरंत लागू

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ व्यापार करने वाले देशों के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि जो भी देश ईरान के साथ बिजनेस करेगा, उसे अमेरिका के साथ किए जाने वाले सभी व्यापारिक लेनदेन पर 25 प्रतिशत टैरिफ देना होगा। यह फैसला तुरंत प्रभाव से लागू होगा।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, “यह आदेश अंतिम और निर्णायक है। जो भी देश ईरान के साथ बिजनेस कर रहा है, उसे अमेरिका के साथ होने वाले सभी बिजनेस पर 25 फीसदी टैरिफ देना होगा। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।”

रिपब्लिकन सीनेटर की तारीफ
अमेरिकी रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने ट्रंप के इस फैसले की सराहना की है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि खामेनेई सरकार को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने की दिशा में राष्ट्रपति ट्रंप की निर्णायक नेतृत्व क्षमता बेहद प्रभावशाली है। ग्राहम ने दावा किया कि इस दबाव के कारण ईरान में सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं।

ईरान में प्रदर्शन और अशांति
प्रेस टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, अजरबैजान प्रांत और अराक के सेंट्रल शहर समेत कई इलाकों में बड़े प्रदर्शन हुए हैं। इन प्रदर्शनों में लोग झंडे लहराते और नारेबाजी करते नजर आए। बताया जा रहा है कि ये विरोध प्रदर्शन बढ़ती महंगाई, आर्थिक संकट और शासन के प्रति जनता के गुस्से के बीच भड़के हैं।

ह्यूमन राइट्स एजेंसी का दावा
ह्यूमन राइट्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, अब तक कम से कम 544 लोगों की मौत हो चुकी है और 10,681 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

ट्रंप का दावा: ईरान चाहता है बातचीत
इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने वॉशिंगटन से राजनयिक बातचीत के लिए संपर्क किया है। एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, “उन्होंने फोन किया है। ईरान बातचीत करना चाहता है। मुझे लगता है कि वे अमेरिका से मार खाने से थक चुके हैं।”
ट्रंप ने यह भी बताया कि बातचीत के लिए एक बैठक की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन साथ ही चेतावनी दी कि ईरान के अंदर जमीनी हालात ऐसे हैं कि बातचीत से पहले अमेरिका को कोई कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 6 8 6 6 0
Total Users : 368660
Total views : 602951

शहर चुनें