April 5, 2026 7:49 pm

April 5, 2026 7:49 pm

MDU कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने क्रिकेटर अदिति श्योराण को स्पोर्ट्स एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजा

रोहतक, 20 जनवरी 2026। हरियाणा की उभरती युवा क्रिकेटर अदिति श्योराण को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक की ओर से खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए स्पोर्ट्स एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान एमडीयू के खेल विभाग द्वारा आयोजित नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह में एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने 16 वर्षीय अदिति श्योराण को सम्मानित करते हुए कहा कि हरियाणा की यह बेटी अपनी प्रतिभा और जज्बे के दम पर कम उम्र में ही कई मुकाम हासिल कर चुकी है और राज्य की बेटियों के लिए प्रेरणा बन रही है। उन्होंने कहा कि एमडीयू होनहार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर निशुल्क शिक्षा और हॉस्टल सुविधाओं को लेकर लगातार प्रयासरत है।
सम्मान समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. शरणजीत कौर ने कहा कि जब अदिति जैसी बेटियां खेल सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती हैं, तो समाज में सकारात्मक बदलाव दिखाई देता है। उन्होंने खिलाड़ियों के समर्पण और मेहनत की सराहना की। वहीं, खेल विभाग की निदेशक डॉ. शकुंतला बेनीवाल ने कहा कि एमडीयू खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव सकारात्मक भूमिका निभाता रहेगा।
सोनीपत के दुभेटा गांव की निवासी अदिति श्योराण ने अपनी शुरुआती स्कूली शिक्षा खानपुर स्थित ग्लोबल पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। वर्तमान में वह चंडीगढ़ सेक्टर-9 स्थित कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा हैं। इसके साथ ही वह चंडीगढ़ प्रशासन की सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण ले रही हैं, जहां दाखिला पाने वाली वह पहली महिला क्रिकेटर भी हैं।
अदिति यूटी क्रिकेट एसोसिएशन, चंडीगढ़ की खिलाड़ी हैं और बीते चार वर्षों से स्टेट, नेशनल और बीसीसीआई अंडर-15 व अंडर-19 स्तर पर क्रिकेट खेल रही हैं। नेशनल स्कूल लेवल पर वह अंडर-19 चंडीगढ़ गर्ल्स क्रिकेट टीम की सबसे युवा कप्तान भी रह चुकी हैं। इंटर स्कूल स्टेट लेवल प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने कप्तानी करते हुए टीम को कई उपलब्धियां दिलाई हैं।


खेल उपलब्धियों के लिए अदिति को 15 अगस्त 2025 को चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से स्टेट अवार्ड तथा 26 जनवरी 2025 को हरियाणा सरकार द्वारा सोनीपत में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री कृष्ण पाल बेदी के हाथों सम्मानित किया जा चुका है।
इंटर स्कूल स्टेट लेवल चैंपियनशिप 2025 में उन्होंने सर्वाधिक रन और विकेट हासिल किए। वहीं, 2024 में यूटीसीए और चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा आयोजित गली क्रिकेट टूर्नामेंट में 46 गर्ल्स टीमों के बीच अपनी टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। इस टूर्नामेंट में उन्हें हर मैच में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया और यह प्रतियोगिता एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है।
सम्मान समारोह में एआईयू पर्यवेक्षक डॉ. नफीस अहमद, सहायक निदेशक खेल डॉ. तेजपाल, डॉ. परम भूषण आर्य, क्रिकेट कोच मुकेश गोयल सहित महिला क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता टीम की खिलाड़ी भी उपस्थित रहीं।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 2 5 9
Total Users : 291259
Total views : 493518

शहर चुनें