April 7, 2026 3:15 pm

April 7, 2026 3:15 pm

पंचकूला में 18वां रोजगार मेला, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने ITBP परिसर में बांटे नियुक्ति पत्र

पंचकूला/भानू: देशभर में शुक्रवार को 18वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसी क्रम में हरियाणा के पंचकूला सेक्टर-26 स्थित 50वीं वाहिनी आईटीबीपी परिसर में भव्य रोजगार मेले का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर शुभकामनाएं दीं।

नियुक्ति पत्र पाकर खिले युवाओं के चेहरे
रोजगार मेले के दौरान विभिन्न केंद्रीय विभागों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं में उत्साह और आत्मविश्वास साफ नजर आया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि रोजगार मेला सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत युवाओं को पारदर्शी और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।

देशभर में एक साथ रोजगार अभियान
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अब तक रोजगार मेलों के माध्यम से करीब 11 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आज देश के 45 स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 61 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंप रहे हैं।
महिलाओं, किसानों और गरीबों पर सरकार का फोकस
मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार ने महिलाओं, किसानों, गरीबों और पिछड़े वर्गों के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। हरियाणा में महिलाओं की शिक्षा के लिए 100 से अधिक अलग कॉलेज खोले गए हैं और सुरक्षित आवागमन के लिए परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। युवाओं को कौशलयुक्त बनाने के लिए पलवल में कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है।

पूर्व सरकारों पर साधा निशाना
रोजगार मेले के मंच से मनोहर लाल ने पूर्व सरकारों की भर्ती प्रक्रिया पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले नौकरियां पर्ची-खर्ची के आधार पर मिलती थीं। नेताओं और रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाया जाता था, जबकि आज भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित है।

2014 के बाद बदली भर्ती व्यवस्था
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद सरकार बनने पर कड़े फैसले लिए गए और योग्यता के आधार पर नौकरियां दी जाने लगीं। आज हरियाणा का युवा जानता है कि नौकरी मेहनत और काबिलियत से मिलती है।

अनुबंध कर्मियों और अग्निवीरों को राहत
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हरियाणा में अनुबंध पर काम कर रहे युवाओं को जॉब सिक्योरिटी दी गई है। अग्निवीर योजना को लेकर हुए विरोध पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में विशेष छूट दी जा रही है।

युवाओं के लिए योजनाएं और ऋण सुविधा
मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र सरकार की मुद्रा लोन योजना और हरियाणा की मुख्यमंत्री समृद्धि योजना के जरिए युवाओं को स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। महिलाओं के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

किसानों को तकनीक से जोड़ा
उन्होंने बताया कि ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल के माध्यम से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सालाना 6 हजार रुपये डीबीटी के जरिए दिए जा रहे हैं।

परिवार पहचान पत्र बना आधार
मनोहर लाल ने कहा कि परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) योजना के जरिए 2 करोड़ 83 लाख नागरिकों का डेटा उपलब्ध है, जिससे पात्र लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही बुजुर्गों को घर बैठे पेंशन मिल रही है।

आवास और गरीबी उन्मूलन का दावा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में 4 करोड़ मकान दिए जा चुके हैं और आने वाले वर्षों में 3 करोड़ और मकान दिए जाएंगे। मोदी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा पर सख्त रुख
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ मोदी सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। देश की सुरक्षा और आर्थिक स्थिति पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई है।

ये रहे मौजूद
रोजगार मेले में आईटीबीपी के उप महानिरीक्षक पवन कुमार नेगी (क्षेत्रीय मुख्यालय शिमला), कमांडेंट शैलेन्द्र कुमार नगरकोटी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिला।

 

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 9 4 8
Total Users : 291948
Total views : 494480

शहर चुनें