नई दिल्ली/ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त हिंसा में बदल गया, जब बारात के स्वागत के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। रामपुर फतेहपुर गांव में हुई इस घटना में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें ICU में भर्ती कराया गया है। हमले के दौरान कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई।
जानकारी के मुताबिक, घायल लोग दनकौर क्षेत्र के जगनपुर गांव के निवासी हैं, जो बारात लेकर दादरी के रामपुर फतेहपुर गांव में धर्मवीर सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे। बारात की ‘मिलाई’ रस्म के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में विवाद लात-घूंसे, लाठी-डंडों और पत्थरबाजी में बदल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने न केवल बारातियों पर हमला किया बल्कि वहां खड़ी कई गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले इस उपद्रव के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छह घायलों को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना दादरी पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है और गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान में जुटी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और शादी की रस्में आगे बढ़ा दी गई हैं। घायलों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।












Total Users : 292131
Total views : 494739