गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे शिरकत
पंचकूला, 24 जनवरी: 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में शुक्रवार को फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त सतपाल शर्मा ने समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमामय और भव्य रूप से मनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान उपायुक्त ने कार्यक्रम मंच से राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च-पास्ट की सलामी ली। रिहर्सल में प्रतिभागियों ने फुल ड्रेस में गणतंत्र दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों और गतिविधियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उपायुक्त ने सभी प्रस्तुतियों का बारीकी से अवलोकन करते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, नगराधीश सुश्री जागृति, जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि
सेक्टर-5 परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, परेड का निरीक्षण करेंगे तथा मार्च-पास्ट की सलामी लेंगे। इससे पूर्व राज्यपाल सेक्टर-12 स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे।
वहीं कालका विधानसभा क्षेत्र में अरुणा आसफ अली राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कालका के खेल मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी।
स्वतंत्रता सेनानियों और युद्ध वीरांगनाओं का होगा सम्मान
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों एवं युद्ध वीरांगनाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
विभागीय झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों पर आधारित आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। इनमें पुलिस उपायुक्त पंचकूला, अतिरिक्त उपायुक्त (CRID), आरटीए पंचकूला, जिला परिषद/डीआरडीए, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, सिविल सर्जन कार्यालय, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, बागवानी, शिक्षा, आयुर्वेद, वन विभाग मोरनी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मत्स्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग तथा मार्केट कमेटी पंचकूला की झांकियां शामिल होंगी।
स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-15 की छात्राएं हरियाणवी नृत्य, सार्थक स्कूल सेक्टर-12ए के विद्यार्थी कथक नृत्य, भवन विद्यालय सेक्टर-15 देशभक्ति नृत्य, मोती राम आर्य स्कूल सेक्टर-7 राजस्थानी लोक नृत्य, जैनेंद्र गुरुकुल स्कूल सेक्टर-1 हरियाणवी नृत्य, सतलुज पब्लिक स्कूल सेक्टर-4 महाराष्ट्र-मराठी लोक नृत्य तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-19 के विद्यार्थी पंजाबी गिद्धा प्रस्तुत करेंगे।
प्रशासन द्वारा समारोह को सफल, सुरक्षित और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।













Total Users : 344133
Total views : 569522