April 6, 2026 10:20 am

April 6, 2026 10:20 am

CHANDIGARH: युवा ज्ञान, विनम्रता, सफलता और शक्ति के साथ सेवा भावना अपनाएं: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

श्री गुरु गोबिन्द सिंह कॉलेज के 61वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने किया युवाओं का आह्वान

सिख एजुकेशन सोसायटी को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 30 जनवरी: हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे ज्ञान, विनम्रता, सफलता, संवेदनशीलता और शक्ति के साथ सेवा भावना को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि यही हमारे महान गुरुओं का संदेश है और यही जीवन का सच्चा मार्गदर्शन भी है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित श्री गुरु गोबिन्द सिंह कॉलेज के 61वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सिख एजुकेशन सोसायटी को 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। यह समारोह दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के धर्म, शौर्य और बलिदान को समर्पित रहा।

मुख्यमंत्री ने सिख एजुकेशन सोसायटी की सराहना करते हुए कहा कि इस गरिमामय समारोह में शामिल होकर उन्हें अत्यंत गर्व और गौरव की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी का स्मरण करते ही एक ऐसे महान योद्धा का स्वरूप सामने आता है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मानवता, धर्म और न्याय के लिए समर्पित कर दिया। गुरु जी की शिक्षाएं हमें सिखाती हैं कि सिर कटाया जा सकता है, लेकिन सिद्धांत नहीं, शरीर नष्ट हो सकता है, पर आत्मसम्मान नहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1966 में श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के नाम पर स्थापित यह कॉलेज उस महान परंपरा और चेतना का प्रतीक है, जिसने सदियों से भारत की आत्मा को जागृत रखा है। जिस प्रकार गुरु जी ने त्याग, साहस और मानवता का संदेश दिया, उसी प्रकार यह कॉलेज विद्यार्थियों में उनके महान गुणों का विकास करने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम ही नहीं पढ़ाते, बल्कि जीवन का मार्ग भी दिखाते हैं। गुरु परंपरा का निर्वहन करते हुए वे विद्यार्थियों को संस्कारवान बनाने का भी कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री गुरु गोबिन्द सिंह कॉलेज केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण, राष्ट्र निर्माण और मानव निर्माण में भी अहम योगदान दे रहा है। इस कॉलेज ने देश को अनेक ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी दिए हैं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने गुरु गोबिन्द सिंह जी द्वारा स्थापित खालसा पंथ का उल्लेख करते हुए कहा कि अन्याय के विरुद्ध खड़ा होना ही सच्चा धर्म है और गुरु जी का संदेश था—डर से नहीं, धर्म से जियो; स्वार्थ से नहीं, सेवा से जियो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के हर युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्य और रोजगार के समान अवसर देने के लिए संकल्पबद्ध है। शिक्षा, कौशल विकास, स्टार्टअप, खेल और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा, अनुसंधान और शोध को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा राज्य अनुसंधान कोष की स्थापना की गई है, जिसमें अब तक 360 से अधिक परियोजना प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत शिक्षा प्रणाली को 21वीं सदी के अनुरूप ढालने के लिए ठोस रोडमैप तैयार किया गया है। हर जिले में एक राजकीय मॉडल संस्कृति महाविद्यालय और प्रत्येक 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज खोला गया है। नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचकूला में इंटेलिजेंट डेटा ड्रिवन डिसीजन सपोर्ट सिस्टम ‘नीव पोर्टल’ की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी की शिक्षाएं और भी अधिक प्रासंगिक हो जाती हैं। हरियाणा सरकार गुरुओं की शिक्षाओं और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिना पर्ची और बिना खर्ची के अब तक एक लाख 80 हजार युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। सरकार भावी पीढ़ी को रोजगारपरक, चरित्रवान और नैतिक मूल्यों से युक्त शिक्षा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में सिख एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष सरदार गुरदेव सिंह बराड़, उपाध्यक्ष सरदार कुलबीर सिंह, सचिव कर्नल जसमेर सिंह बाला, प्राचार्य जसविन्दर सिंह सहित शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 4 6 1
Total Users : 291461
Total views : 493817

शहर चुनें