April 5, 2026 1:53 pm

April 5, 2026 1:53 pm

PUNJAB: डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, पार्टी में मेहनती और काबिल नेताओं की अनदेखी,

फैसले निजी स्वार्थों पर होने का लगाया आरोप

चंडीगढ़: पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी एवं पूर्व विधायक डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी छोड़ने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। उनके इस फैसले से पंजाब की राजनीति में हलचल मच गई है। डॉ. सिद्धू ने पार्टी नेतृत्व और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने उस कांग्रेस को अलविदा कह दिया है, जहां मेहनती, ईमानदार और काबिल नेताओं की बात नहीं सुनी जाती और जहां फैसले व्यक्तिगत स्वार्थों के आधार पर लिए जाते हैं।
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक पार्टी में रहकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें और कई अन्य जमीनी नेताओं को लगातार नजरअंदाज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में अब विचारधारा, अनुभव और जनसेवा की भावना के बजाय गुटबाजी और निजी हित हावी हो चुके हैं।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजनीति में आने का उनका उद्देश्य हमेशा जनता की सेवा करना और सामाजिक सरोकारों के लिए काम करना रहा है। लेकिन मौजूदा समय में कांग्रेस की कार्यप्रणाली उनके सिद्धांतों और सोच से मेल नहीं खाती। ऐसे माहौल में पार्टी में बने रहना उनके लिए संभव नहीं था, इसलिए उन्होंने यह कठिन फैसला लिया।
डॉ. सिद्धू ने यह भी संकेत दिए कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र कमजोर हो चुका है और निर्णय लेने की प्रक्रिया सीमित लोगों तक सिमट कर रह गई है। इससे न केवल कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है, बल्कि जनता से जुड़ाव भी कमजोर हुआ है।
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के कांग्रेस छोड़ने को पंजाब की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब राज्य में राजनीतिक समीकरण लगातार बदल रहे हैं, उनका यह फैसला कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है। हालांकि, उन्होंने फिलहाल किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने या अपने भविष्य के राजनीतिक कदम को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है।
उनके अगले कदम पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि उनका फैसला पंजाब की राजनीति की दिशा और समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 1 5 9
Total Users : 291159
Total views : 493356

शहर चुनें